एक ओर जहां स्नैचरों ने अंबाला के लोगों खासकर महिलाओं को दहशत की जद में बना रखा है, वहीं अब डकैतों ने भी फिर से अंबाला में दस्तक दे दी है। गोबिंद नगर व छोटा खुड्डा इलाके में हुई डकैती की वारदातों के बाद अब डकैतों ने कैंट के दुखेड़ी इलाकों में स्थित फैक्ट्रियों एवं गोदामों को निशाना बनाया है। बारह से पंद्रह डकैतों ने गतरात्रि इन फैक्ट्रियों में घुसकर न केवल फैक्ट्रियों को लूटा, बल्कि वहीं फैक्टरी परिसर में बने क्वार्टरों में रह रहे कर्मचारियों व उनके परिजनों से भी लूटपाट की। सूचना मिलने पर इलाका पुलिस ने मौका का मुआयना किया और अज्ञात डकैतों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
फैक्ट्री में महिलाओं के गहने भी लूट
गत आधी रात को पूरी प्लानिंग के साथ बाहर से पंद्रह लोग एक खाली ट्रक लेकर दुखेड़ी स्थित गाड़ियों के रेडिएटर बनाने की फैक्ट्री व गैस सिलेंडर के रबड़ पाइप बनाने की फैक्ट्री के बाहर पहुंचे। डकैतों ने अपना ट्रक फैक्ट्री के बगल में ही खड़ा किया और उसके बाद डकैत रबड़ फैक्ट्री में गेट फांदकर अंदर घुस गए। इस दौरान फैक्ट्री के कर्मचारी अपने-अपने क्वार्टरों में सो रहे थे। तभी उन्होंने क्वार्टरों के दरवाजे तोड़ने शुरू कर दिए। जिससे वहां दहशत का माहौल बन गया। सभी डकैत हथियारबंद थे। उसके बाद उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों से मारपीट की और महिलाओं से गहने लूट लिए। कर्मचारियों से चार मोबाइल, पर्स, घड़िय़ां, महिलाओं से सोने की चूड़ियां, कानों की बालियां इत्यादि लूट लिया। उसके सभी कर्मचारियों को एक कमरे में बंद कर दिया। कर्मचारियों और उनके परिजनों को लूटने व बंधक बनाने के बाद डकैतों ने पूरी फैक्ट्री को खंगाला और वहां से माल चुराया। तभी उन्होंने रबड़ फैक्ट्री के बिल्कुल साथ लगती गाड़ियों के रेडिएटर बनाने की फैक्ट्री में रबड़ फैक्ट्री की छत के रास्ते से प्रवेश किया।
इस फैक्टरी में क्वार्टरों में सो रहे कर्मचारियों के साथ उन्होंने मारपीट व लूटपाट कर बंधक बना लिया। उसके बाद उन्होंने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे तक तोड़ दिए और सर्वर रूम में भी तोड़फोड़ कर दिए। उसके उपरांत उन्होंने इस फैक्टरी में मौजूद लाखों रुपये का कॉपर (कई टॅन) चुरा लिया। उसके बाद डकैतों ने आराम से फैक्ट्री का गेट खोला और अपने साथ लाए ट्रक को कॉपर व अन्य चुराए गए माल से भर लिया और ट्रक के साथ फरार हो गए।
सुबह मचाया शोर, तब हुआ खुलासा
उधर, बंधक बने कर्मचारी रात भर तो दहशत में रहे, क्योंकि उन्हे मालूम नहीं था कि फैक्ट्री में अभी डकैत मौजूद है या नहीं। लेकिन अलसुबह गुरुद्वारे की बाणी की आवाज सुनी, तो उन्हे कुछ हौसला मिला। तभी उन्हे फैक्ट्री के पास से गुजर रही एक बाइक की आवाज सुनाई दी। जिस पर एक कर्मचारी ने फुर्ती दिखाते हुए कमरे का शीश तोड़ा और मदद के लिए बाइक सवार को पुकारा। उसका शोर सुनकर वहां बाइक सवार ने और भी लोगों को तुरंत इकट्ठा किया और सूचना फैक्ट्री मालिक व पुलिस को दी गई। जिसके बाद फैक्टरी मालिक व पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी जगदीप दून, एसीपी राजकुमार वालिया, कार्यवाहक डीसीपी विक्रम कपूर, सीआईए की टीम, एसएचओ भूषण दास समेत क्राइम विशेषज्ञों की टीम ने मौका का दौरा किया।
---
इस मामले में अज्ञात डकैतों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित कर्मचारियों ने आपबीती पुलिस को बताई है, जिसके आधार पर पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा।
-भूषण दास, एसएचओ, थाना पड़ाव-