अंबाला कैंट। नोटबंदी के 19वें दिन भी एटीएम का सहारा लोगों को नहीं मिल पाया। रविवार को एटीएम पर कैश नहीं था, शटर डाउन थे, जबकि गिनती के एटीएम पर ही लाइनें मिलीं। लेकिन इन पर भी दोपहर तक कैश खत्म हो गया, जबकि अन्य पर लोग आए और कैश की स्थिति जानकर चले गए। अब सोमवार को बैंकों में जहां भीड़ रहेगी, वहीं एटीएम के बाहर भी लंबी लाइनें लग सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले 19 दिनों से नोटबंदी से परेशान लोग एक एटीएम से दूसरे एटीएम पर जहां भटक रहे हैं, वहीं बैंकों से भी पर्याप्त कैश नहीं मिल पा रहा है। इसी कारण से लोग भटक भी रहे हैं। रविवार को अवकाश होने के कारण अधिकतर लोगों ने एटीएम से कैश निकलवाने की कोशिश तो की, लेकिन यह एटीएम बंद मिले। जिलेभर में करीब 219 एटीएम हैं, जबकि इनमें से करीब अस्सी प्रतिशत एटीएम पर लोग भटकते रहे, लेकिन कैश नहीं मिला। जिन एटीएम पर कैश मिला, वहां पर भी दोपहर होते-होते यह कैश खत्म हो गया, जबकि लोगों को लौटना पड़ा। जिन एटीएम पर कर्मचारी मिले, उन्होंने भी अपने स्तर पर ही एटीएम बंद होने के कारण बताए, जबकि लोग भी पूछते रहे कि कब तक यह एटीएम शुरू होंगे, लेकिन कर्मचारी कुछ नहीं बता पाए।
नहीं हुआ कैश लोड, जिस कारण बंद रहे एटीएम
जिले के अधिकतर एटीएम बैंकों ने आउटसोर्स किए हैं। यह आउटसोर्स किए गए बैंक एटीएम रविवार को खाली रहे। यही कारण रहा कि इनके शटर तक डाउन रहे, जबकि लोग चक्कर लगाकर लौटते रहे। आउटसोर्स की गई एजेंसी संबंधित बैंक के चेस्ट से कैश लेती है, जबकि बताया जा रहा है कि रविवार को अवकाश होने के कारण चेस्ट से भी कैश नहीं मिल पाया। कई एजेंसी तो अवकाश के कारण आई नहीं और न ही एटीएम लोड हो पाए। कुछ एटीएम लोड हुए, जिनसे कैश निकलता रहा, लेकिन अधिकतर बैंक एटीएम रविवार को इसी कारण से बंद रहे हैं।
यह कारण बताए बंद होने के
- लाइट तो है, लेकिन कैश खत्म हो गया है
- बैंक का सर्वर डाउन है। इस कारण से कैश नहीं निकल रहा
- कुछ समय पहले ही कैश खत्म हुआ है
- बिजली कट लगा हुआ है। इस कारण एटीएम नहीं चल रहा
- संडे होने के कारण कैश लोड नहीं किया गया। इस कारण शटर डाउन किया है
यह कहते हैं उपभोक्ता
कैंट के एसबीआई सदर बाजार के एटीएम पर कैश निकलवाने आए दिलीप, सुरजीत, रेहान, एसबीआई माल रोड स्थित मेन ब्रांच से निकले जगदीश, पंकज ने बताया कि एटीएम चल नहीं रहे हैं, जबकि सुबह से दो बार चक्कर लगा चुके हैं। इसी तरह कैश के लिए भटक रहे राजीव गुप्ता, पुष्कर कुमार, स्नेहपाल धीमान, रोशन अली, इमरान खान, मोहसिन, सुनील ठाकुर ने कहा कि जिस भी एटीएम पर गए, वहां पर या तो एटीएम बंद मिला या फिर कैश खत्म हो गया। पिछले उन्नीस दिनों से यही सब हो रहा है, लेकिन स्थिति नहीं सुधर रही है। सरकार कहती है संयम रखें, जबकि बैंकों को तो पूरा कैश दिया जाए, ताकि जनता को राहत तो मिले।
-----
आज बढ़ेगी कैश के लिए भीड़
दो दिन बैंकों में अवकाश होने के बाद अब सोमवार को बैंक खुलेंगे। कैश के लिए बैंकों व एटीएम पर लाइनें लग सकती हैं। शनिवार को कुछ एटीएम से लोगों ने नगदी निकाली, जबकि रविवार को अधिकतर एटीएम बंद रहे। नगद राशि कुछ ही समय में खत्म हो गई। लोगों को अब सोमवार का इंतजार है कि बैंक खुलें और वे कैश के लिए बैंकों की लाइनों में अपना नंबर पहले लगवाएं।
आउटसोर्स किए गए एटीएम पर एजेंसी कोे ही करेंसी डालनी होती है। शनिवार को कुछ अधिकारी व कर्मचारी फील्ड में रहे। हां, हो सकता है रविवार को एटीएम में कैश न होने के कारण दिक्कत आई हो, जबकि पर्याप्त मात्रा में कैश नहीं मिल रहा है। इसके कारण दिक्कत है। लोग थोड़ा संयम रखें, जल्द ही स्थिति सुधर जाएगी।
- नरेश सिंगला, लीड बैंक मैनेजर अंबाला