आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर दिल्ली से लाकर अंबाला में हेरोइन की सप्लाई करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सीआईए-1 की टीम ने दो नशा तस्कर को काबू किया है। आरोपियों में एक महेश नगर के बब्याल निवासी रजनीश उर्फ लाडी है तो दूसरा दिल्ली के चंद्र विहार विकास विहार निवासी अमरजीत सिंह है।
पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा ने बताया कि 12 अप्रैल को महेश नगर निवासी रजनीश उर्फ लाडी को कार सहित 400 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया था। मौके से ही करीब 2 लाख रुपये 90 हजार की नगदी बरामद की थी।
पकड़ी गई हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 2 करोड़ 15 लाख रुपये है। पांच दिन के रिमांड में आरोपी रजनीश ने मुख्य सप्लायर का नाम उगला तो टीम ने अमरजीत सिंह को मुरथल सोनीपत से स्विफ्ट गाड़ी के साथ दबोचा।
अमरजीत को 1 दिन के रिमांड पर लिया है। उनके जरिये इस नशा तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों तक भी पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। आखिर वह कहां से लाते थे और कहां-कहां सप्लाई किया करते थे।
रजनीश पर पहले भी दो मामले दर्ज, होगी प्रॉपर्टी की जांच
पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा ने बताया कि आरोपी रजनीश उर्फ लाडी पर पहले भी दो मामले दर्ज हैं। पहला मामला थाना महेश नगर में 15 जनवरी 2022 को आर्म्स एक्ट व दूसरा मामला 5 दिसंबर 2023 को धारा 498 के तहत मामला दर्ज है। रजनीश काफी समय से नशे की तस्करी करता है। आरोपी की फाइनेंशियल इनवेस्टिगेशन करेंगे। प्रॉपर्टी बनाई है उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। पकड़ी गई दोनों गाड़ियों की भी जांच करवाई जाएगी कि कहीं वह चोरी की तो नहीं। अमरजीत का भी अपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चुनावों को लेकर एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बेल जम्पर व हिस्ट्री शीटर पर भी नजर रखी जा रही है ताकि चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित न कर सके।