हरियाणा के अंबाला के बराड़ा के हरगोबिंद पुरा कॉलोनी स्थित फाइनेंसर के घर घुसकर 6 लाख की नगदी, सोने का कड़ा, 4 अंगूठियां लूट मामले की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई। पुलिस ने लूट के 16 दिन बाद लूट करने वाले 4 आरोपियों को काबू कर लिया।
आरोपियों की पहचान लुधियाना के सीता नगर निवासी परमिंद्र व न्यू प्रताप नगर निवासी दीपक, कैथल के मंडवाल गांव निवासी आकाश व बराड़ा के शिवांण माजरा निवासी प्रवीण के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया जबकि प्रवीण व आकाश को दो दिन के रिमांड पर लिया।
फिलहाल वारदात में शामिल इनोवा गाड़ी बरामद हो गई है लेकिन रिमांड में पुलिस पिस्टल व नगदी बरामद करेगी। पुलिस अधीक्षक जश्नदीप रंधावा ने प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। बताया कि इस मामले में संलिप्त अन्य को भी काबू कर लिया जाएगा।
आरोपियों ने कबूला कि फाइनेंसर पर 6 लाख की राशि मिलने की थी पक्की सूचना
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों के पास फाइनेंसर की पक्की सूचना थी कि उसको पैसे मिलने वाले हैं। वह राशि लेकर सीधा घर जाएगा। सीआईए-2 की टीम ने साइबर सैल आदि की मदद से आरोपियों को काबू किया। बता दें कि शिकायतकर्ता फाइनेंसर कमलजीत सिंह ने बताया कि 16 सितंबर 2023 को अज्ञात लड़कों ने गाड़ी में आकर उसके घर से पिस्टल की नोक पर 6 लाख नकद राशि, 1 कड़ा सोना, 04 अंगूठी व मोबाइल लूट लिया था।
हालांकि पुलिस ने वारदात वाले दिन ही मोबाइल की बरामदगी पास के इलाके से कर ली थी लेकिन आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं लगा था। पुलिस ने इस जांच का जिम्मा सीआईए-2 की टीम को सौंप दिया था। लूट मामले में काबू प्रवीण पर बराड़ा थाना में पहले भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। इसके अलावा कैथल निवासी आकाश व पंजाब के लुधियाना निवासी परमिंद्र व दीपक का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।