फोटो नंबर :: 32
दुकान के पीछे सीढ़ियां लगाकर इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान ले गए चोर
पुलिस ने दो सीढ़ियां की बरामद, मुंह ढके हुए आरोपी सीसीटीवी में कैद
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। सिविल अस्पताल नारायणगढ़ के नजदीक चोरों ने इलेक्ट्रानिक्स शॉप में सेंध लगाकर लाखों का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप के मालिक रमन कपूर ने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। रविवार सुबह दुकान का शटर खोला तो सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने दूसरी मंजिल पर देखा तो वहां से इलेक्ट्रॉनिक्स आइटमें चोरी हो चुकी थीं। ग्राउंड फ्लोर से चोरों ने नकदी व अन्य सामान चुरा लिया। इसके बाद रमन ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। दुकान के पीछे दो सीढ़ियां बरामद हुईं। माना जा रहा है कि चोर इन्हीं सीढ़ियों के सहारे दुकान की दूसरी मंजिल में दाखिल हुए। इस दौरान फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने फिंगर प्रिंट आदि हासिल किए। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली तो देखा कि चोरों ने अपने मुंह ढके हुए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।