अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। शहर के निकटवर्ती गांव धनकौर फिलहाल बलदेव नगर के सेठी इंक्लेव में रहने वाली मीना कुमारी ने बताया कि रिश्ता टूटने से परेशान होकर उसकी बेटी ने वीरवार को नींद की गोलियां खा ली, जिस वजह से उसकी तबीयत काफी बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए शहर के ट्रामा सेंटर लाया गया।
मीना कुमारी ने बताया कि उसकी 27 वर्षीय बेटी जीरकपुर के पास बेस्ट प्राइज में काम करती थी। वहां जीरकपुर का युवक भी काम करता था जिससे दोनों में प्यार हो गया और इस माह दोनों परिवारों की रजामंदी से दोनों की सगाई थी, लेकिन उसके बेटे रजत के दोस्त गुरजीत सिंह की वजह से उसकी बेटी का रिश्ता टूट गया। मीना कुमारी ने आरोप लगाते हुए बताया कि जीरकपुर में जहां उसकी बेटी का रिश्ता होना था। वहां गुरजीत ने एक बुजुर्ग के हाथ उनके घर पर एक पत्र भिजवाया, जिसमें लिखा था कि दोनों मां-बेटी जिस्मफिरोशी का धंधा करती हैं और वह आपके बेटे को भी बर्बाद कर देंगी जिसकी वजह से लड़के पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया।
बेटे के एक्सीडेंट के बाद से घर रह रहा था दोस्त गुरजीत
मीना कुमारी ने बताया कि उसके बेटे रजत शर्मा का 25 दिसंबर 2016 को नारायणगढ़ रोड पर बाइक से जाते समय ट्रक की चपेट में आने से एक्सीडेंट हो गया था। उस हादसे के बाद से रजत का दोस्त गुरजीत सिंह जोकि शहर के निकटवर्ती गांव गरनाला में रहता है, वह उनके घर पर उनके साथ रहने लग गया। मीना ने बताया कि गुरजीत रोपड़ में एक पेंट की कंपनी में काम करता है और वह अपने घर नहीं जाता था।
बॉक्स
गुरजीत रुपयों की कर रहा था मांग
मीना ने बताया कि उसके बेटे की मौत एक ट्रक चालक की वजह से हुई थी, जिस पर उनको क्लेम के करीब 15-16 लाख रुपये मिलने थे। उसने बताया कि गुरजीत सिंह को जब गत माह पता चला कि उन्हें क्लेम के रुपये मिल चुके हैं तो गुरजीत ने रुपयों की मांग कर डाली और कहा कि उसे अपनी पेंट की दुकान खोलनी है। मीना कुमारी ने बताया कि जब उसने गुरजीत से कहा कि उसे अपनी बेटी की शादी करनी है और उसे रुपये नहीं दे सकती तो गुरजीत ने उनके साथ मारपीट की।
बॉक्स
सीएम विंडो में दी थी शिकायत
मीना कुमारी ने बताया कि गुरजीत द्वारा मारपीट की बात को लेकर उसने बीते वीरवार को सीएम विंडो में शिकायत दी, लेकिन उस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मीना ने बताया कि उल्टा गुरजीत ने बीते मंगलवार को पंजोखरा थाना में जाकर उनके खिलाफ ही शिकायत दे डाली और पुलिस को बताया कि वह उसे उसका घर पर पड़ा पेंट का सामान, बर्तन व कपड़े नहीं उठाने दे रही। मीना ने बताया कि इसके बाद वह अपनी बेटी के साथ गत दिवस महिला थाना में गुरजीत के खिलाफ शिकायत देने पहुंची, जिस पर महिला थाना पुलिस ने दोंनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया है।
बॉक्स
सुसाइड नोट बरामद
मीना कुमारी ने बताया कि वीरवार सुबह करीब 10 बजे जब वह घर पर शौचालय में थी तब उसकी बेटी ने पीछे से नींद की गोलियां खा ली। वह बाहर आई तो उसकी बेटी बेहोश होकर बेड पर गिर गई, जिसके बाद पड़ोसी की मदद से उसे शहर के नागरिक अस्पताल में ट्रामा सेंटर लाया गया। मीना कुमारी ने बताया कि वहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसकी बेटी भानू शर्मा से एक सुसाइड नोट बरामद किया। मीना ने बताया कि उस सुसाइड नोट पर लिखा था कि मैं गुरजीत की वजह से रिश्ता टूटने के कारण सुसाइड कर रही हूं और मेरी मौत का जिम्मेदार गुरजीत होगा।
वर्जन
युवती की तबीयत खराब होने की वजह से उसके बयान नहीं लिए जा सके। मामले की जांच जारी है।
- धर्मवीर, बलदेव नगर चौकी इंचार्ज, अंबाला।