अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। राजस्थान के कोटा के एक आढ़ती ने अंबाला के एक किसान को फोन कर मोटे मुनाफे का लालच देकर आलू का ऑर्डर दिया। कारोबारी ने किसान से माल मिलने के बाद पेमेंट को खाते में डलवाने की बात कही। किसान ने उसकी बातों में आकर आलू से भरे कई ट्रक कोटा भेज दिए। इनकी पेमेंट करीब 13 लाख रुपये बनी। इसके बाद किसान को डेढ़ लाख रुपये दिए गए। जब बाकी पेमेंट मांगी तो आढ़ती आनाकानी करने लगा। इसके बाद पीड़ित ने पंजोखरा थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-----------
फोन पर हुई डील
पंजोखरा के गाजीपुर में रहने वाले पीड़ित कृष्ण लाल ने पुलिस को शिकायत दी कि उसे और गांव के कई अन्य लोगों को राजस्थान के कोटा में रहने वाले आरोपी मोहन लाल, बिशन दास ने फोन किया था। उसने कहा कि उनकी कोटा में अपनी सब्जी मंडी में आढ़त की दुकान है। वह सब्जी की खरीद-फरोख्त करते हैं। उसने लालच दिया कि यहां आलू की फसल के अच्छे दाम मिलते हैं। आप तमाम जमींदार मिल कर ट्रकों द्वारा अपने गांव से आलू लोड करके यहां भिजवा दिया करो। वह पैसे आपके खाते में डलवा दिया करेगा। साथ ही आप ट्रकों के साथ अपना एक आदमी भी भेज सकते हैं, जिनको वह हिसाब-किताब दे सकें। कृष्ण लाल का कहना है कि दिसंबर 2017 में अपने गांव और आसपास के गांव से आलू ट्रकों में लोड करके मोहन लाल, बिशन दास की दुकान पर भिजवाते रहे। इस तरह से करीब सात ट्रक लोड करके उसकी दुकान पर भेज दिए। उन आलुओं की कीमत करीब 13 लाख रुपये की है। मोहन लाल ने हमारे को करीब एक लाख रुपये नकद दिए। बाद में 50 हजार रुपये जसविंद्र निवासी गनीखेड़ा के खाते में डलवाये थे।
बकाया देने में मुकर गया आढ़ती
कृष्ण लाल का कहना है कि पैसों के लिए वह आढ़ती के पास कई बार गए लेकिन पेमेंट नहीं मिली। बार-बार बहाना बनाता था कि जल्द ही पैसा उसके खाते में डाल दिया जाएगा, पर ऐसा नहीं होता था। इस संबंध में वहां की मंडी के प्रधान को शिकायत करने पर उन्होंने भी आढ़ती से कहा, लेकिन उसने पैसा नहीं दिया। आखिरकार पीड़ित ने एसपी को शिकायत सौंपी।
वर्जन
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर ठगी की धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
-दीपक कुमार, एसएचओ, पंजोखरा थाना।