अंबाला सिटी। गांव मलौर के पास नरवाना ब्रांच नहर में डूबे कैंट एसडी विद्या स्कूल के दसवीं कक्षा के छात्र अभिषेक कुमार का दूसरे दिन भी कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस व गोताखोर दूसरे दिन भी किशोर की तलाश में नहर में जुटे रहे। दूसरी ओर अभिषेक के पिता पवन कुमार की शिकायत पर नग्गल थाना पुलिस ने अभिषेक के ट्यूशन टीचर हेमंत सेठी और मेघा व एक नाबालिग के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोप है कि दोनों ट्यूशन टीचरों ने रंजिश के तहत अन्य बच्चे की मदद से पहले अभिषेक को घर से बुलाया और फिर वारदात को अंजाम दिया।
अभिषेक के पिता पवन कुमार ने नग्गल थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अभिषेक हेमंत सेठी के पास ट्यूशन पढ़ता है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे उसकी पत्नी के पास हेमंत का फोन आया कि वह टांगरी के नजदीक किसी स्वीमिंग पूल में अभिषेक को स्वीमिंग सिखाने के लिए ले जाना चाहता है। उसे स्वीमिंग पूल जाने की अनुमति दी, मगर उन्हें नहीं मालूम था कि वह नहर में जा रहे हैं। इसके बाद तनवीर, विभू, हेमंत व अभिषेक सभी मिलकर नरवाना ब्रांच नहर जा पहुंचे। दोपहर करीब एक बजे अभिषेक की ट्यूशन टीचर मेघा ने पवन की पत्नी को फोन कर कहा कि अभिषेक नहर में डूब गया है।
करीब 10 दिन पूर्व भी गए थे नहाने
पवन कुमार ने बताया कि 10 दिन पूर्व आरोपी नाबालिग अपने अन्य साथियों के साथ अभिषेक को भी नरवाना ब्रांच नहर में नहाने के लिए ले गया था। उस वक्त भी उन्होंने उसे अभिषेक के साथ किसी भी तरह का संबंध रखने से मना किया था, लेकिन शनिवार को फिर वह उसे अपने साथ ले गया। पवन ने आरोप लगाया कि नाबालिग आरोपी को स्विमिंग आती थी, लेकन उसने जानबूझकर अभिषेक को नहीं बचाया।
कुछ दिन पूर्व टीचर ने की थी पिटाई
पवन कुमार ने बताया कि अभिषेक की टीचर मेघा ने उसकी पिटाई कर कहा था कि आगे से ट्यूशन नहीं आना, लेकिन गत दिवस दूसरे ट्यूशन टीचर हेमंत ने फोन कर उसे स्वीमिंग के बहाने से दोबारा ट्यूशन बुला लिया। पवन का आरोप है कि दोनों ने रंजिश के तहत अभिषेक को बुलाया और आरोपी नाबालिग को भी इस साजिश में शामिल है।
शनिवार डूबा था नहर में
अंबाला कैंट निवासी एसडी स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाला अभिषेक हेमंत, तनवीर व विभू के साथ गांव मलौर स्थित नरवाना ब्रांच नहर में नहाने गया था। नहाते समय अचानक अभिषेक, तनवीर व विभू डूबने लगे तो वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह कपड़े की सहायता से तनवीर और विभू को बचा लिया, लेकिन उसी पल अभिषेक अचानक नहर में डूब गया। जिसको रविवार शाम तक गोताखोर ढूंढते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
यह कहते हैं एसएचओ
नग्गल थाना एसएचओ जगदीश चंद्र ने बताया कि नहर में डूबे किशोर की रविवार को भी तलाश जारी रही। किशोर अभिषेक के पिता पवन कुमार की शिकायत के आधार पर कार्रवाई जारी है। अभिषेक का सुराग लगने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।