जलबेड़ा सरकारी स्कूल में छात्रों में झगड़ा, एक छात्र के चेहरे पर ब्लेड से हमला
-सुबह किसी बात को लेकर घायल छात्र के दोस्तों का आरोपी के साथ हुआ था विवाद
-दोपहर में स्कूल में फिर भिड़े छात्र, परिजनों ने सदर थाना में दी शिकायत
फोटो नंबर----- 14
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। जलबेड़ा गांव स्थित सरकारी स्कूल में छात्र बातों के दौरान ही आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुआ। एक छात्र ने दूसरे छात्र के चेहरे पर ब्लेड से हमला कर उसे घायल कर दिया। शिक्षक व परिजन घायल छात्र को आनन-फानन में अस्पताल ले गए। परिजनों ने सदर थाने में आरोपी छात्र के खिलाफ शिकायत दी है।
गांव जलबेड़ा निवासी साहिल ने बताया कि वह गांव के ही सरकारी स्कूल में 12वीं का छात्र है। उसका छोटा भाई गौरव भी उसी स्कूल में आठवीं में पढ़ता है। उसके भाई के तीन दोस्तों की गांव रवालों निवासी बलजिंद्र से सुबह किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। सोमवार दोपहर भी रिसेस टाइम में उनमें गाली-गलौज होने लगी। धक्का मुक्की के दौरान गौरव के दोस्त भाग निकले। मौके का फायदा उठाकर बलजिंद्र ने गौरव के चेहरे पर ब्लेड से हमला कर दिया। इससे गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया।
पहले प्राइवेट अस्पताल पहुंचे, फिर लाए सिविल
हमले में गौरव के घायल होने की सूचना मिलते ही परिजन भी स्कूल पहुंचे। इसके बाद स्कूल स्टाफ व परिजन गौरव को शहर के एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे शहर नागरिक अस्पताल ले जाया गया। उपचार देने के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
-----------
पुलिस को दी शिकायत
गौरव के पिता सुरेश ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में आरोपी छात्र के खिलाफ सदर थाने में शिकायत दी है। उन्होंने आरोपी छात्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
आरोपी के परिजनों को स्कूल बुलाया
स्कूल प्रिंसिपल अमृत कौर ने बताया कि उन्हें जैसे ही इसके बारे में पता चला तो उन्होंने तुरंत स्कूल स्टाफ को गौरव के उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। उन्होंने इसके बाद स्कूल में छात्र बलजिंद्र के परिजनों और सरपंच अवतार सिंह को बुलाया। मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी।