अटल सेवा केंद्र पर लूट से गुस्साए लोगों ने काटा बवाल, पहुंची पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। लोगों को एक ही छत के नीचे तमाम सुविधाएं देने के उद्देश्य और भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए बनाए गए अटल सेवा केंद्र ही भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए हैं। इन केंद्रों पर धक्के खाकर पहुंचने वाली जनता के साथ रोजाना लूट हो रही है और अधिकारी इस मामले से बेखबर हैं। शुक्रवार को अंबाला शहर में सेक्टर सात में चल रहे अटल सेवा केंद्र पर उपभोक्ताओं ने जमकर बवाल काटा। उपभोक्ताओं ने रुपये तो दे दिए थे, लेकिन कई बार धक्के खाने के बावजूद उन्हें सेवाएं नहीं मिली थीं। इसके बाद जब उन्होंने उन सेवाओं के रेट पता किए तो उनके पांव तले से जमीन ही खिसक गई। जिन सेवाओं के सरकार ने 30 से 50 रुपये तय किए थे, उन्हीं के 400 से 1600 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। जब लोगों ने हंगामा किया तो स्थिति को संभालने के लिए चौकी नंबर सात की पुलिस मौके पर पहुंची। इतना ही नहीं खाद्य आपूर्ति विभाग से इंस्पेक्टर शेर सिंह भी मौके पर पहुंचे और लोगों की शिकायतें सुनीं। इसी बीच मीडिया कर्मियों को देख संचालक रीना सिंगला भड़क गईं और मीडिया कर्मियों को भी अपशब्द कहने लगीं। इसकी शिकायत भी लिखित रूप से एक मीडियाकर्मी ने थाने में देकर कार्रवाई की मांग की है।
---
इस तरह लगाई जा रही थी चपत
पांच रुपये सरकार ने सिंपल पेज पर प्रिंट आउट का रेट तय किया है, लेकिन इस अटल सेवा केंद्र में 400 रुपये वसूले गए। इसी तरह आधार कार्ड अपडेशन के 50 रुपये हैं, जबकि लोगों से 100 से 200 रुपये की वसूली हुई। इसी तरह राशन कार्ड फॉर्म ऑनलाइन करने के 30 रुपये निर्धारित हैं, लेकिन 400 से 600 और कुछ से 1500 रुपये तक वसूले गए।
---------
ये बोले शिकायतकर्ता
हम यहां आए थे। पहले इन्होंने 100 रुपये में आधार अपडेट किया। फिर प्रिंट के 400 रुपये लिए। इसके बाद हमने रीना सिंगला से पूछा कि हमने अपने पिता की पेंशन लगवानी है तो उन्होंने बताया कि इसके लिए डोमिसाइल बनवाने के नाम पर 1600 लिए। साथ ही पैन कार्ड के 400 रुपये मांगे। यह देने के बाद भी हमें कई दिनों से चक्कर कटवा रहे थे। आज जब हमने मीडिया को बुलाया तो उनके साथ भी लड़ने लगे और हमारे साथ भी दुर्व्यवहार किया। इसीलिए हमने पुलिस में अपनी शिकायत दी।
- पूजा, शिकायतकर्ता।
---
हमने पहले दो राशन कार्ड बनवाए थे। हरे राशन कार्ड के 400-400 रुपये लिए गए। इसके बाद कहा गया कि पीले राशन कार्ड बनवाने के लिए 600-600 रुपये लगेंगे। इसी तरह कई लोगों के साथ ऐसा किया गया।
- नेहा, शिकायतकर्ता
---
अटल सेवा केंद्रों पर राशन कार्ड के लिए फार्म ऑनलाइन भरे जाते हैं। यहां पर राशन कार्ड नहीं बनाए जाते। फार्म भरने के बाद सर्वे किया जाता है। इसके बाद राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी होती है। फार्म ऑनलाइन करवाने की सरकारी फीस मात्र 30 रुपये है। अगर किसी से 300-400 रुपए लिए हैं तो यह गलत है।
- विकास पपनेजा, इंस्पेक्टर, खाद्य आपूर्ति विभाग
---
इस अटल सेवा केंद्र की पहले भी कई बार सरकारी फीस से अधिक पैसा वसूलने की शिकायतें आ चुकी हैं, जोकि नियमों के खिलाफ है। पीड़ितों ने अटल सेवा केंद्र के बारे में शिकायत दी है। उच्चाधिकारियों को इस मामले से अवगत करवा दिया गया है। जल्द ही इस सेवा केंद्र पर कार्रवाई की जाएगी।
- ओमेंद्र सिंह, जिला प्रबधंक एनआईसी
---