कार ने बाइक सवार को रौंदा, मौत
- लाडवा रोड शुगर मिल के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। लाडवा रोड पर शुगर मिल के पास कार की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान भीम वासी गांव बीड़ सुजरा बाबैन के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के पिता दाता राम की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में दाताराम ने बताया कि वह और उसके दोनों बेटे किसी काम के लिए शाहाबाद गए थे। वापसी पर मृतक भीम अपनी मोटर साइकिल पर सवार था और शिकायतकर्ता अपने बड़े बेटे की बाइक पर पीछे चल रहा था। शिकायतकर्ता ने कहा कि शुगर मिल के पास लाडवा की तरफ से आ रही कार ने उसके बेटे भीम की बाइक में टक्कर मारी, जिससे उसका बेटा गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे शाहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।