सहेलियों को बैग पकड़ा ट्रेन के आगे कूदकर छात्रा ने दी जान
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। अंबाला-सहारनपुर रेलवे ट्रैक पर 11 वर्षीय छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। परिजनों का कहना है कि छात्रा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। छात्रा की पहचान गांव खानपुर निवासी मनप्रीत के रूप में हुई है। छात्रा केसरी के सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। छात्रा का शव दो घंटे तक अप साइड पटरियों के बीच पड़ा रहने पर लोगों को गुस्सा आ गया। उन्होंने अंबाला छावनी से मेरठ के बीच चलने वाली ट्रेन को रोक दिया और नारेबाजी करनी शुरू कर दी। उधर जीआरपी को केसरी के स्टेशन मास्टर से मेमो मिलने के बाद जीआरपी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर उचित कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
गांव खानपुर की रहने वाली मनदीप के पिता चंद्रआस मजदूरी करते हैं। सुबह परिवार वालों ने मनदीप को स्कूल में पढ़ने के लिए भेजा था। परिवार के सदस्य यह सोच रहे थे कि बेटी रोजाना की तरह समय पर घर आ जाएगी, लेकिन उसने अपना स्कूल बैग सहेलियों को दे दिया था। इसी दौरान परिवार वालों को पता चला कि उनकी बेटी की रेलगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई है। परिवार वाले तुरंत केसरी रेलवे स्टेशन पहुंचे। परिवार वालों का आरोप है कि शव को रेलवे ट्रैक से नहीं हटाया जा रहा था, जबकि शव को पड़े काफी समय हो चुका था। जिसके बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ वहां इकट्ठी हो गई। इसके बाद लोगों ने रेलवे ट्रैक पर आ गए और मेरठ से अंबाला जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया। जिसकी वजह से यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। जीआरपी के पहुंचने के बाद शव को पटरियों से हटाया गया। इस बारे में जीआरपी अंबाला कैंट के एएसआई सत्यवीर का कहना है कि छात्रा द्वारा सुसाइड करने का शक है। बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।