पुलिस के रवैये से आहत पूर्व फौजी भाई ने की आत्मदाह की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। सरकारी अध्यापक सैशन जज की हत्या के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। एसपी अभिषेक जोरवाल के पहुंचने के बाद भी कार्रवाई में हीलाहवाली करने पर सैशन के बाद दूसरे नंबर के भाई रिटायर्ड फौजी विजय कुमार ने बाइक से पेट्रोल निकालकर आत्मदाह करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने भी आनन-फानन में कार्रवाई शुरू कर दी।
बता दें कि सैशन जज के परिजन व बड़ागांव के ग्रामीण पूर्व सरपंच समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारायणगढ़ के अग्रसेन चौक पर शव को रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। करीब डेढ़ बजे एसपी अभिषेक जोरवाल मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने पूरी बात बताई। कुछ देर बाद रिटायर्ड फौजी व वर्तमान में रोडवेज में कंडक्टर विजय कुमार भी पहुंच गया। उसने एसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर सवाल उठाए तो उन्होंने कार्रवाई का भरोसा दिया। एफआईआर की कॉपी आने में देरी होने और बार-बार विजय कुमार को पुलिस द्वारा बुलाने पर वे बिफर गए । अचानक बोतल लेकर आत्मदाह करने के लिए बाइक से पेट्रोल निकालने लगा। आनन-फानन में ग्रामीण और पुलिस ने रोका। ग्रामीणों ने विजय को पकड़ लिया और इस तरह की गलती करने के लिए मना किया। विजय कहता रहा कि पुलिस सही कार्रवाई नहीं कर रही है। इसके बाद पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।