साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को फोन कर अपने जाल में फंसाकर पेटीएम के ट्रांजेक्शन को ठीक करने के नाम कई ट्रांजेक्शन करके खाते से 59 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित को ठगी का अहसास होते ही उसने इसकी शिकायत चार नंबर चौकी पुलिस को दी, जिसके बाद सिटी थाने में केस दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई।
जोगीवाड़ा निवासी सर्वजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार सुबह उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। मोबाइल पर बोल रहे शख्स ने उससे कहा कि आपके पेटीएम से पैसे कट रहे हैं। पीड़ित के हां करने पर उसने एक नंबर दिया और कहा कि इस पर आधार कार्ड और पैन कार्ड व्हाट्सएप कर दो। फोन करने वाले शख्स ने अपने को पेटीएम दिल्ली ब्रांच का बताया और कहा कि मैं चेक करवाता हूं कि पैसे कैसे कट रहे हैं। इसके बाद उसने वह मोबाइल नंबर जान लिया जो पेटीएम से लिंक था। पीड़ित का कहना है कि वह नंबर उसके पिता का था जो लिंक था। पीड़ित ने वह नंबर भी उसे दे दिया। इसके बाद फोन करने वाले ने उसे झांसे में लिया और ओटीपी भी जान लिया। इस दौरान वह झांसा देता रहा कि जल्द ही आप का पैसा आप के पेटीएम खाते में वापस आ जाएगा, लेकिन उस व्यक्ति ने पीड़ित के पिता के पीएनबी खाते से पहले 5 हजार रुपये, फिर 2 हजार रुपये, फिर तीन बार एक-एक हजार रुपये, आखिर में 49 हजार व इस प्रकार से कुल 59 हजार रुपये निकाल लिए। इस मामले में सिटी थाना एसएचओ सतीश कुमार का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।