अंबाला सिटी। डेलू माजरा में पंचायती जमीन पर फिरनी की दीवार बनाने पर एतराज जताते हुए कुछ लोगों ने सरपंच निर्मल पर हमला कर दिया। उसके सिर पर ईंट मारी। गंभीर चोट लगने के कारण से नागरिक अस्पताल से चंडीगढ़ रेफर किया गया। तीन दिन पूर्व की घटना में उपचार के बाद वापस आए सरपंच के बयानों पर नग्गल थाने में चार लोगों पर केस दर्ज किया गया।
डेलूमाजरा के सरपंच निर्मल के अनुसार पंचायत ने गांव की फिरनी की दीवार बनानी शुरू की थी। 5 जनवरी को जब वह काम देखने गया तो वहां पर पहले से मौजूद गुरमीत सिंह, जसविंदर सिंह, गुरजेंट सिंह, कमल सिंह ने कहा कि वह उनकी जगह पर फिरनी की दीवार क्यों बनवा रहा है। निर्मल ने कहा कि वह सही जगह पर काम करवा रहा है। सभी ने उसे मारपीट करते हुए नीचे गिरा लिया। वहां पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर पर मारी। वहां मौजूद गुरचरण सिंह, गुरमेल सिंह, जगतान सिंह व बलजीत सिंह ने उसे बचाया। आरोपियों ने जाते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। निर्मल सिंह को चौड़मस्तपुर पीएचसी से नागरिक और वहां से चंडीगढ़ के सेक्टर-32 रेफर कर दिया गया।