शादी का झांसा देकर अवैध संबंधों से गर्भवती हुई तो लुधियाना के गांव खानपुर वासी आरोपी ने महिला का साथ छोड़ दिया। पति से मनमुटाव के कारण महिला मायके में थी। मूलरूप से यूपी के संभल वासी आरोपी ने उसे विश्वास दिलाया था कि यदि वह अपने पति से तलाक ले तो उससे शादी कर लेगा। लेकिन बाद में शादी से साफ इंकार कर दिया। परेशान पीड़िता ने कानून की शरण ली। महिला थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज करने के बाद शनिवार रात अंबाला पुलिस ने लुधियाना पुलिस के सहयोग से खानपुर स्थित अमरूद वाले बाग में रेड कर उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में 164 के बयान दर्ज कराए गए।
जानकारी के अनुसार चार बहन तथा तीन भाईयों में से एक पीड़िता मजदूरी करती है। करीब आठ माह पूर्व उसकी शादी यूपी के मुरादाबाद वासी व्यक्ति से हुई थी। मनमुटाव होने के कारण वह केवल दो-तीन दिन वहां रही, उसके बाद मायके लौट आई। आरोपी उसके ताया के लड़के का साला लगता है तथा लुधियाना के अमरूद के बाग में चौकीदारी करता है। वह पीड़िता के घर में आता-जाता था। शादी का विश्वास दिलाकर महिला से कई बार शारीरिक संबंध बनाए जिससे वह गर्भवती हो गई। गर्भवती होने पर बच्चे को जन्म देना चाहती थी लेकिन आरोपी उसे गर्भपात की दवा खिलाने लगा। 14 नवंबर को दवा लेने से इंकार करने पर आरोपी ने पीड़िता को धमकाया कि यदि उसकी बात नहीं मानी तो वह उसे व परिवार को जान से मार देगा और शादी से भी साफ मुकर गया।
महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता के अनुसार शादी का झांसा देकर बनाए संबंधों से पीड़िता तीन माह की गर्भवती है। दुष्कर्म के आरोप में पकड़े गए आरोपी को लुधियाना से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।