फर्जी एनओसी बनाकर धोखाधड़ी के केस में नग्गल पुलिस ने गांव जैतपुरा वासी संदीप, लज्जा राम व विनोद को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। रविवार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करते समय पुलिस ने विनोद के दो दिन के पुलिस रिमांड की मांग की जबकि अन्य से पूछताछ पूरी होने बारे बताया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जबकि विनोद को मंगलवार तक रिमांड पर लिया गया। करीब छह माह पूर्व कारपोरेशन बैंक की महिला ब्रांच मैनेजर के बयानों पर यह केस दर्ज किया था। तभी से भूमिगत आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार मुखबिरी के आधार पर काबू आरोपियों ने पूछताछ में अपनी गलती मान ली। विनोद का कहना था वह उस व्यक्ति को पकड़ने में सहयोग कर सकता है, जिसने एनओसी बनाने में सहयोग किया था।
17 सितंबर को दर्ज केस के अनुसार आरोपियों ने 4 अप्रैल को बैंक से लोन लेने के लिए फर्जी एनओसी दी थी जोकि जांच में पकड़ी गई। नग्गल थाना प्रभारी एसआई धर्मबीर सैनी के मुताबिक धोखाधड़ी के आरोप में पकड़े गए दो आरोपी जेल प्रशासन के हवाले कर दिए गए हैं जबकि विनोद से पूछताछ जारी है।