गांव मिल्क धन कोटा में गांव के ही रहने वाले कुछ युवकों ने खेत से लौट रहे बुजुर्ग सहित तीन लोगों पर जानलेवा हमला बोल दिया। इससे पहले आरोपी युवक पीड़ित बुजुर्ग के रिश्तेदार के घर गालियां भी दे रहे थे, जिसको लेकर हुई कहासुनी बढ़कर हमले तक जा पहुंची।
हमलावरों ने बुजुर्ग सहित उसके रिश्तेदार पर तलवार व चाकू से वार किया। वहीं बुजुर्ग के बेटे को भी डंडे से पिटा। शुक्रवार घटित इस मामले में मुलाना पुलिस ने आरोपी पिता पुत्र सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में 61 वर्षीय स्वर्ण सिंह निवासी मिल्क धन कोटा ने बताया कि वीरवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे उसे गालियों की आवाज सुनाई दी। जिसके चलते वह और उसका बेटा हरदीप सिंह बाहर आए और देखा कि उनके गांव के ही रहने वाले पिता पुत्र राजिंद्र सिंह व विकास उनके पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार रूपनित सिंह को गालियां दे रहे है। शिकायत के अनुसार हरदीप व स्वर्ण सिंह के आने पर वो वहां से चले गए। जिसके बाद स्वर्ण सिंह, उसका बेटा हरदीप व उनका रिश्तेदार रूपनीत सिंह खेतों की तरफ घूमने चले गए। रात करीब 9 बजे जब वो सभी वापस आ रहे थे तो रास्ते में राजिंद्र सिंह, विकास, काला व अन्य तीन चार लड़के मिले और शाम को हुई गाली गलौज बारे बात करने लगे। बातचीत कहासुनी में बदल गई। इसी बीच उनके बीच झगड़ा शुरू हो गया। शिकायत के अनुसार राजिंद्र सिंह ने तलवार निकाल कर स्वर्ण सिंह के पेट में मारी। वहीं विकास ने अपनी जेब से चाकू निकाल कर रूपनीत सिंह के कान के पास व छाती पर वार किया। हरदीप को काला व अन्य लड़कों ने डंडों व मुक्कों से पीटा। पीड़ितों ने शोर मचाया तो आस पास से लोग वहां पहुंचे और बीच बचाव कर उन्हें छुड़वाया। जिसके बाद उन्होंने घायलों को मुलाना अस्पताल पहुंचाया। मुलाना अस्पताल ने गंभीर हालत देखते हुए तीनों घायलों को अंबाला कैंट रेफर कर दिया गया। अंबाला कैंट अस्पताल से स्वर्ण सिंह की हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पिता पुत्र राजिंद्र व विकास सहित काला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।