अंबाला। जिले को पॉलिथीन मुक्त बनाने को लेकर नगर परिषद की टीम ने कमर कस ली है। परिषद की तरफ से बाजारों में जागरूकता अभियान चलाकर दुकानदारों को 30 जून तक पॉलिथीन का इस्तेमाल पूरी तरह से बंद करने की अपील की जा रही है। उन्हें चेताया भी जा रहा है कि एक जुलाई से पॉलिथीन रखने वालों पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सामान जब्त करने के अलावा जुर्माना भी लगाया जाएगा।
इतना ही नहीं नगर परिषद की तरफ से बाजारों में लगने वाले होर्डिंग्स पर फ्लैक्स का इस्तेमाल करने पर भी जुर्माना लगेगा। बाकायदा इसके लिए एक विशेष टीम का गठन कर दिया गया है जो बाजारों में जाकर जागरूक कर रही है। यह टीम एक जुलाई से कार्रवाई के लिए बाजारों में उतरेगी। पॉलिथीन के साथ-साथ थर्माकोल के इस्तेमाल पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी जाएगी।
नगर परिषद की तरफ से चेताया गया है कि सबसे पहले बाजारों में सप्लाई करने वाले होल सेलरों पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, ताकि छावनी में पॉलिथीन व थर्माकॉल न बिक सके। इसके बाद दुकानदारों व रेहड़ी वालों के भी चालान किए जाएंगे। इसके अलावा घरों में होने वाले कार्यक्रमों में थर्माकॉल की जगह स्टील के बर्तनों का इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि जगह-जगह गंदगी न फैल सके।
बाजारों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 30 जून तक का अल्टीमेटम दिया जा रहा है। जिन दुकानों पर पॉलिथीन मिल रहे हैं उनके चालान भी जारी हैं। एक जुलाई से गठित टीम बाजारों में चालान की कार्रवाई करेगी।
रितू, कॉर्डिनेटर स्वच्छता भारत अभियान नगर परिषद