अंबाला सिटी। नेपाल से तंत्र विद्या में फंसाकर अंबाला लाई गई 15 वर्षीय युवती को चाइल्डलाइन टीम ने नेपाल की विशेष टीम के सुपुर्द कर दिया। वहीं, पुलिस आरोपी तांत्रिक दिनेश मंडल की तलाश में जुट गई है। बता दें कि कुछ दिन पूर्व ही चाइल्डलाइन टीम के साथ अंबाला पुलिस ने अभियान चलाते हुए जलबेड़ा से युवती को रेस्क्यू किया था। इसके बाद टीम ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए युवती के बारे में नेपाल की टीम को सूचना दी थी। बताया जा रहा है दिनेश के खिलाफ नेपाल में लड़कियों को अगवा करने व अन्य करीब सात से मामले दर्ज हैं।
चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की चेयरपर्सन रंजीता ने बताया कि नाबालिग ने जलबेड़ा से ही अपने परिवार को सूचित किया था। उसको अगवा करने का मामला पहले ही नेपाल में दर्ज था। जिस नंबर से कॉल आया पुलिस जांच में वह जलबेड़ा का निकला। टीम ने नाबालिग को रेस्क्यू किया और आगामी कार्रवाई पूरी की। वहीं, कांउसलिंग में नाबालिग ने बताया था कि उनके पिता पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। इसी दौरान उनका संपर्क तांत्रिक दिनेश के साथ हुआ। पूजा विधि के लिए प्रयोग हुई सामग्री को उसने नदी में प्रवाहित करने की बात कही। इसी बहाने वह उसे ट्रेन और बस के माध्यम से अंबाला ले आया। यहां लाकर उसने उसे पोल्ट्री फार्म में काम पर लगा दिया।