अंबाला सिटी। नर्सिंग होम में कार्यरत युवक सहित सोमवार को 4 नए संक्रमित केस मिले। अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 375 हो गई है। हालांकि राहत यह है कि इनमें से 315 मरीज अब तक डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने एक दिन में 678 सैंपल लिए जोकि लॉक डाउन से लेकर अब तक का रिकार्ड है। जिले में अब तक करीब 18 हजार कोरोना के सैंपल लिए जा चुके हैं। यही कारण है कि धड़ाधड़ सैंपलिंग और रिपोर्टिंग के चलते कोरोना के संक्रमित मरीज पता चलने से उनकी बढ़ रही चेन को रोकने में अब तक स्वास्थ्य विभाग कामयाब रहा है। अब जिले में कुल 56 एक्टिव केस हैं और 4 की मौत कोरोना से हो चुकी है।
कहां से हैं चार नए संक्रमित
बराड़ा कस्बा के बसंतपुरा गांव में 36 वर्षीय पुरूष के कोरोना पॉजिटिव आया है। यह युवक अंबाला के नर्सिंग होम में काम करता है। जो प्रति दिन बराड़ा अपने घर से आवागमन करता था। संक्रमित की माता, पत्नी, भाभी भाई व बच्चों के टेस्ट लिए गए। सीएचसी इंचार्ज डॉ. बीरबल ने बताया कि संक्रमित के संपर्क में आए करीब 23 लोगों के टेस्ट लिए गए हैं। वहीं अंबाला शहर में सर्जरी के लिए आए इंद्रपुरी निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग को भी कोरोना पाया गया है। सर्जरी से पहले उसका टेस्ट किया गया था। शहजादपुर के कोड़वा खुर्द में रहने वाला 29 वर्षीय युवक संक्रमित पाया गया है। यह पहले से संक्रमित के कांटेक्ट में था। इसी तरह दो साल का बच्चा जोकि गुरुनानक नगर अंबाला छावनी का है वह भी पहले से संक्रमित के कांटेक्ट से है।