अंबाला सिटी। अंबाला जिले में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को कोरोना संक्रमित एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। इसके अलावा 341 नए कोरोना संक्रमित मिले। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 38057 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार को कोरोना संक्रमित अंबाला सिटी निवासी 83 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया। विभाग के अनुसार संबंधित महिला को दिल की बीमारी एवं थाइराइड था। महिला को उपचार के लिए बाईपेप सपोर्ट पर रखा हुआ था। जिले में रविवार को एक साथ 341 नए लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। जिले में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 38057 हो गई है। अभी तक 523 लोगों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है।
राहत एक दिन में 492 लोग ठीक हुए
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राहत की बात है कि रविवार को जितने मरीज नए कोरोना संक्रमित मिले हैं उससे अधिक संख्या में मरीज ठीक भी हुए है। रविवार को 492 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। इसके बाद ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 33715 हो गई है और सक्रिय मामले भी घटकर 3 819 रह गए हैं।
कहां कितने संक्रमित मिले
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अंबाला सिटी से 100, अंबाला कैंट से 48, चौड़मस्तपुर से 73, नारायणगढ़ से 17, शहजादपुर से 61, बराड़ा से 22 और मुलाना से 20 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमितों में 14 सरकारी कर्मचारी, 16 बच्चे 12 साल से कम उम्र हैं। इासके अलावा 12 से 18 वर्ष के बीच वाले 21 बच्चे संक्रमित मिले हैं। विदेश से आए एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
यह है सैंपलिंग की स्थिति
रविवार को अन्य दिनों के मुकाबले सैंपलिंग की संख्या कम रही है। जहां अन्य दिनों में 2 हजार से अधिक कोरोना के सैंपल लिए जा रहे थे। वहीं रविवार को 1 हजार 628 कोरोना के सैंपल लिए गए हैं। इसमें 1 हजार 555 आरटीपीसीआर तो 73 सैंपल एंटिजन किट से लिए गए हैं। आरटीपीसीआर से लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट का स्वास्थ्य विभाग को इंतजार है।
72 मरीजों का चल रहा है अस्पतालों में उपचार
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस समय अस्पतालों में 72 मरीज उपचाराधीन है। इसमें 43 मरीज प्राइवेट अस्पताल में तो 29 मरीज सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन है। इसमें भी 2 मरीज आईसीयू में है तो 10 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर है।
यह है टीकाकरण की स्थिति
टीकाकरण पर रविवार को हुई बारिश असर दिखाई दिया है। रविवार को केवल 388 लोगों को कोरोना से बचाव के टीके लगाए गए। 66 लोगों ने प्रीकॉशन डोज लगवाई है। कोविड पोर्टल के अनुसार अभी तक 1930460 कोरोना से बचाव के टीके लगाए जा चुके हैं।
कोरोना के रविवार को 341 नए मामले आए हैं जो कि अन्य दिनों के मुकाबले कम है। उम्मीद है कि जिस तरह से अन्य राज्यों में कोरोना के नए मामलों में संख्या कम हो रही है। उस हिसाब से अंबाला में भी जल्द ही असर दिखाई देगा।
- डॉ. कुलदीप सिंह, सीएमओ, अंबाला।