अंबाला सिटी। कोर्ट रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम कक्ष में होली की रात अज्ञात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने न केवल एटीएम मशीन के साथ तोड़फोड़ की, बल्कि बैंक परिसर में लगी कीमती पासबुक प्रिंटर मशीन को भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।
घटना की जानकारी बुधवार कर्मचारियों के बैंक आने पर लगी। अंबाला सिटी थाना पुलिस बैंक के ब्रांच मैनेजर अंकुश कालिया की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथिमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एटीएम के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।
रुपये निकालने में नाकामयाब होने पर पासबुक प्रिंटर मशीन ले गए : बैंक के सीनियर ब्रांच मैनेजर अंकुश कालिया ने बताया कि 4 मार्च की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने एटीएम कक्ष में जबरन प्रवेश किया। बदमाशों ने लूट की नियत से एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त किया। जब नकदी निकालने में नाकामयाब रहे तो कक्ष में स्थापित पासबुक प्रिंटर मशीन चोरी कर ले गए। बैंक प्रबंधन के अनुसार चोरी हुई संपत्ति व मशीन की तोड़फोड़ से करीब 2.50 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
पुलिस चौकी नंबर 2 के प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि मौके पर फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों की टीम से साक्ष्य जुटाए गए है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा घुसपैठ व सेंधमारी 331(4), चोरी 305 और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की 324(4) के तहत की गई।