अंबाला सिटी। शहर में नालों का निरीक्षण करने बुधवार को डीसी खुद निकले। उन्होंने अलग-अलग इलाकों में आठ मुख्य नालाें को चैक किया। इस दौरान चार नालों में गाद और कचरा दिखाई दिया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों ने संबंधित क्षेत्रों में पंप मशीनें लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बिजली के कट लगने पर किराये पर जेनरेटर लेने के निर्देश दिए।
उपायुक्त के साथ सिंचाई विभाग, नगर निगम, जन स्वास्थ्य विभाग, रेलवे, एनएचएआई व अन्य अधिकारी साथ रहे। वहीं इससे पहले उपायुक्त ने लोक निर्माण विश्राम गृह में समीक्षा बैठक ली। जिसमें नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि 41 पंपों की व्यवस्था के साथ-साथ उनके पास पांच जेसीबी मशीनों की व्यवस्था है। जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उनके चार डिस्पोजल पं हैं, सभी व्यापक व्यवस्थाएं वहां पर की गई हैं। सिंचाई विभाग के अधिकारी ने बताया कि लगभग एक हजार मिट्टी के थैले तैयार किए गए हैं और यदि कहीं पर भी आवश्यकता पड़ती है उन्हें वहं पर लगा दिया जाएगा।
प्रशासन का दावा अधिकांश नाले साफ
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि सफाई व्यवस्था का अधिकतर कार्य पूरा कर लिया गया है, जो शेष बचा है उसे भी तीव्रता से किया जा रहा है। विभागों द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने निरीक्षण के क्रम में सबसे पहले सेक्टर 7 के नजदीक रेलवे क्षेत्र से गुजर रही ड्रेन की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित अधिकारी ने उन्हें अवगत करवाया कि यहां पर रेलवे संबंधित तीन स्पैन/पुलिया थी जिन्हें साफ करवा दिया गया है।
इन जगहों पर मिली कमियां
- सेक्टर 23 वाटिका के नजदीक भी गुजर रहे नाले पर जनरेटर व पंप की व्यवस्था करने व सफाई कराने के निर्देश दिए।
- पंडित दीन-दयाल उपाध्याय चौक के नजदीक पंप व जनरेटर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
- मानव चौक के नजदीक गुजर रही नाले पर गाद मिली, सफाई के निर्देश दिए।
- इंद्रपुरी व बनूड़ी नाके पर जाकर एसटीपी प्लांटों पर पानी की निकासी नहीं मिली। अधिकारियों को निकासी करने और नाले को चलाने के निर्देश दिए।
- मनमोहन नगर के नजदीक नाले को देखा और नाले के रास्ते को दुरुस्त करने पर रिपोर्ट मांगी।