नारायणगढ़। मांगाें के लिए सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) के सदस्यों ने कम्युनिटी हाॅल नारायणगढ़ में बैठक की। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और गायक रोकी मित्तल को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार करने की मांग की।
इसके अलावा बैठक में 24 से 31 जनवरी तक सभी संबद्ध संगठनों की विस्तारित बैठकें कर विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। एक सप्ताह चलने वाले इस अभियान में निजीकरण और ठेका प्रथा पर रोक लगाने, परियोजना वर्कर्स व कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, न्यूनतम वेतन 26 हजार लागू करने, लेबर कोड और नई कृषि बाजार नीति को रद्द करने, महंगाई पर रोक लगाने, बेरोजगारों को रोजगार देने जैसी मांगो पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। जिला सचिव सतीश सेठी ने भवन निर्माण कामगार यूनियन के 28 जनवरी को अंबाला छावनी में श्रम मंत्री के निवास पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने का एलान भी किया गया।
नपा नारायणगढ़ में कूड़ा व सफाई ठेका कर्मचारी शहरवासियों के सहयोग से मिलकर संघर्ष की योजना बनाएंगे। आशा व मिड डे मील वर्कर्स को दो महीनों से वेतन नहीं मिल रहा। यही नहीं जिला में 150 दोपहर का खाना बनाने वाली वर्कर्स को तो तीन महीने से वेतन नहीं मिला हैं। दोनों संगठनों की बैठक कर शिक्षा व स्वास्थ्य अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन करने का भी फैसला लिया गया।