अंबाला सिटी। जिले के राजकीय स्कूलों में विद्यार्थी अब टैबलेट में साइंस और कॉमर्स संकाय के विषय भी पढ़ते नजर आएंगे। शिक्षा विभाग ने ई-अधिगम के अंतर्गत टैबलेट को नई गाइडलाइन जारी की है। अभी तक राजकीय स्कूलों में विद्यार्थी टैबलेट से अंग्रेजी, हिंदी और सोशल साइंस विषय ही पढ़ रहे हैं, लेकिन जल्द ही साइंस व कॉमर्स संकाय के विषयों को भी शामिल किया जाएगा। इसको लेकर शिक्षा विभाग की प्रक्रिया चल रही है। बताया जा रहा है कि इस सत्र से ही इन दोनों संकाय के विषय टैबलेट में शामिल किए जा सकते हैं।
जिला गणित विशेषज्ञ सुशील अरोड़ा ने बताया कि विभाग ने अभी 10वीं कक्षा में अंग्रेजी, हिंदी, सोशल साइंस और 11वीं तथा 12वीं में अंग्रेजी व हिंदी विषय टैबलेट से जोड़े हुए हैं। वहीं साइंस और कॉमर्स संकाय के विषय भी टैबलेट से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। यह विषय भी जल्द ही टैबलेट से जुड़ सकते हैं, जिससे साइंस व काॅमर्स के विद्यार्थी भी टैबलेट से पढ़ाई कर सकेंगे। विदित हो कि जिले में ई-अधिगम जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार के मार्गदर्शन में चल रहा है और अंबाला में 21 हजार 500 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए हैं।
अभी तीन विषय ही टैबलेट में पढ़ाए जा रहे
शिक्षा विभाग ने पिछले साल पांच मई को ही राजकीय स्कूलों में टैबलेट देने की शुरुआत की थी। सबसे पहले बलदेव नगर राजकीय गर्ल्स स्कूल की छात्राओं को टैबलेट दिए गए थे। विभाग ने पिछले साल टैबलेट में पढ़ाने के लिए 10वीं कक्षा में अंग्रेजी, हिंदी, सोशल साइंस और 11वीं व 12वीं में अंग्रेजी व हिंदी विषय लिए हुए हैं, जबकि मैथ साइंस, लैंग्वेज विषय के साथ-साथ साइंस संकाय में फिजिक्स, कैमेस्ट्री, मैथ, काॅमर्स में बिजनेस स्टडी, अकाउंट और इकोनोमिक्स विषय अभी नहीं पढ़ाए जा रहे। अब इन विषयों को भी टैबलेट में शामिल करने की मांग उठी तो शिक्षा विभाग ने इन विषय को शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
देशभर में सबसे ज्यादा टैबलेट हरियाणा में दिए गए
शिक्षा विभाग द्वारा ई-अधिगम के तहत राजकीय स्कूलों में 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए हैं। एक साल में ही हरियाणा में पांच लाख से ज्यादा टैबलेट दिए गए हैं, जबकि अंबाला जिले में 21 हजार 500 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए हैं। विभाग के अनुसार देशभर में सबसे ज्यादा हरियाणा में पांच लाख टैबलेट दिए गए हैं।