अंबाला सिटी। स्वास्थ्य विभाग की सातवीं सीएचसी अंबली को आधारभूत निर्माण पूरा हुए लंबा समय बीत गया है। मगर इसके बाद भी मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मजबूरन मरीजों को नारायणगढ़ अस्पताल के ही चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग ने इस भवन को बनाने में 14 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है। जबकि शुरुआत में इस भवन का बजट 11 करोड़ रुपये रखा था। कर्मचारियों के अभाव में अब यह भवन ठीक तरह से शुरू नहीं हो पाया है।
नारायणगढ़ लगा रहे दाैड़
सामुदायिक केंद्र का निर्माण पूरा न होने के कारण लोगों को नारायणगढ़ और सिटी नागरिक अस्पताल तक कई किलोमीटर का सफर करना पड़ रहा है। हाल ही में अंबली सेंटर का उद्घाटन किया था। इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी नियुक्ति नहीं हुई है। वर्तमान में एक डेंटल सर्जन और सात नर्सिंग स्टाफ के साथ ही कार्य चलाया जा रहा है।
सीएससी पर यह काम अधूरे
-अंबली स्वास्थ्य सामुदायिक केंद्र में चारदीवारी का कार्य लंबित है।
- फर्श और 10 क्वार्टर का निर्माण कार्य भी अधूरा है।
-तीन मंजिला भवन में मरीजों को भर्ती करने के लिए भी सुविधा मिली नहीं है।
-सीएचसी में एक बोरवेल लगवाना है, जिसके लिए बिजली कनेक्शन की आवश्यकता है। अभी तक कनेक्शन नहीं मिला है।
नागरिक अस्पताल की तरह बनेगी लैब
यहां पर बनी लैब में नागरिक अस्पताल की तरह सैकड़ों की संख्या में टेस्ट किए जाएंगे। जिससे मरीजों को लंबा सफर तय करके नागरिक अस्पतालों तक न भटकना पड़े। अभी तक यहां पर मशीनें भी नहीं मिली है। इसके साथ ही एक्स-रे की सुविधा भी अभी तक लंबित है।
मरीजों को होती है दिक्कत
अंबली गांव के सरपंच मुकेश कुमार ने बताया कि सीएचसी में चिकित्सकों का अभाव है। इसी कारण मरीजों को आस-पास के निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है। 50 स्टाफ की जरूरत है। जबकि यहां पर सिर्फ 12 कर्मचारी ही काम करते हैं। उन्होंने कहा कि वे कर्मचारियों की भर्ती को लेकर सीएम से भी मुलाकात करेंगे।
वर्जन
बिल्डिंग का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। चिकित्सकों और कर्मचारियों लिए आवास बनाने का कार्य किया जा रहा है। जिस कारण थोड़ा समय लग रही है।
-डॉ. संजीव सिंगला, डिप्टी सीएमओ बिल्डिंग ब्रांच अंबाला।
वर्जन
बोरवेल का कार्य चल रहा है। इसके लिए बिजली का कनेक्शन लिया है। इसी कारण समय लग रहा है। यह कार्य भी जल्द ही पूरा हो जाएगा।
-डॉ. पवन, एसएमओ अंबली, सीएचसी।
अंबली सीएचसी । विभाग