अंबाला। छावनी का बस अड्डा परिसर अवैध पार्किंग का अड्डा बनता जा रहा है। निजी वाहन चालक बस स्टैंड परिसर का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं। बेखौफ अपनी गाड़ियों को बस स्टैंड परिसर में पार्क करते हैं।
रोडवेज के अधिकारियों की ओर से वाहन चालकों को चेतावनी देने के लिए एक चेतावनी बोर्ड लगाया है। कई बार वाहन चालकों के चालान भी किए है, लेकिन इसके बाद भी वाहन चालक नहीं मान रहे। अंबाला छावनी का बस अड्डा सबसे प्रमुख बस स्टैंड है। इस बस अड्डा से रोजाना हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, जम्मू कश्मीर, पंजाब, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और अन्य राज्याें के लिए करीब 500 बसों का आवागमन होता है।
रोजाना 10 हजार के करीब यात्री आवागमन करते हैं। पहले लालकुर्ती पुलिस चौकी बस स्टैंड परिसर में होने के कारण वाहन चालक अपने वाहनों को बस स्टैंड परिसर के अंदर लाने से परहेज करते थे, लेकिन जब से पुलिस चौकी लाल कुर्ती बाजार में शिफ्ट हुई तब से इस बस स्टैंड के हालात बद से बदतर हो गए हैं। रोजाना ही ई रिक्शा चालक सवारियों को लेकर बस स्टैंड के अंदर एंट्री करते हैं। इसके बाद वह परिसर में यात्रियों को उतार कर वहीं खडे़ हो जाते हैं और यात्रियों की इंतजार करते हैं। इसी तरह से कार चालक भी अपनी कार को खड़ा करके रखते हैं। कई बार वह भी यात्रियों को लेकर बस स्टैंड में दाखिल होते हैं और बसों के नजदीक ही यात्रियों को उतारते हैं। इसी तरह से बाइक चालक भी बस अड्डा परिसर में बेखौफ घूमते नजर आते हैं।
वर्जन
अवैध वाहन चालकों को रोकने के लिए एंट्री के पास चेतावनी बोर्ड लगाया हुआ है। इसके बाद भी लोग नहीं मानते और अपने वाहनों को परिसर में लेकर आते हैं। विभाग की ओर से पुलिस के माध्यम से समय समय पर वाहन चालकों के चालान करवाए जाते हैं।
अजीत सिंह, अड्डा इंजार्च, अंबाला छावनी।
अंबाला छावनी बस अड्डा के अंदर बसों के पास खड़ी कार