नारायणगढ़। दो बदमाशों ने ट्रैक्टर की किस्त जमा कराने बैंक गए गांव लाहा निवासी सतपाल को नशीला पदार्थ देकर उसकी जेब से 33 हजार रुपये निकाल लिए। बदमाशों ने सतपाल को फार्म भरने की बात कही और बाहर ले आए। झांसे में लेते हुए उसे कोल्डड्रिंक पिला दी। कोल्डड्रिंक पीते ही सतपाल बेसुध हो गया। बदमाश उसे अपनी मोटरसाइकिल पर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास ले गए और पैसे छीनने के बाद छोड़कर फरार हो गए। सतपाल के जानकार परविंद्र सिंह ने उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उसकी हालत में सुधार है। इलाका पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शिकायत में सतपाल ने बताया कि वह बुधवार सुबह करीब 11 बजे किस्त के जमा करवाने के लिए भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में गया था। बैंक में दो युवक आए और बातों में उलझाते हुए बाहर ले गए और नशीली कोल्डड्रिंक पिला दी। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। जब मुझे होश आया तो देखा कि मेरी जेब में पैसे नहीं थे। पुलिस का कहना है कि बैंक सहित इलाके के सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है।