अंबाला। नागरिक अस्पताल छावनी में 72 करोड़ की लागत से कैंसर टर्सरी केयर सेंटर के चालू होने का रास्ता साफ हो गया है। मई माह में 50 बेड की बिल्डिंग का कैंसर के मरीजों को तोहफा मिलेगा। इस संबंध में गृहमंत्री अनिल विज ने सोमवार को बैठक में सीएमओ डॉ. कुलदीप को तैयारियां करने के निर्देश दिए। मंत्री विज ने कहा कि उनकी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से बातचीत हो चुकी है। वे अप्रैल के आखिर या फिर मई माह की शुरुआत में इसका शुभारंभ कर सकते हैं।
बता दें कि कैंसर टर्सरी केयर सेंटर की बिल्डिंग को तैयार हुए करीब एक साल हो चुका है। करोड़ों रुपये की लागत से मशीनें भी आ चुकी थी, लेकिन एटामिक एनर्जी बोर्ड एआरबी से स्टेप वाइज आनलाइन आखिरी अनापत्ति प्रमाणपत्र मिलने का इंतजार हो रहा था। गौरतलब है कि भारत सरकार के रेडियेशन सेफ्टी ऑफिसर से यह अनुमति लेना बेहद जरूरी है।
दो मशीनों की मिली अनुमति, एक का इंतजार
छावनी नागरिक अस्पताल के पीएमओ डॉ. राकेश सहल का कहना है कि दो मशीनों की मिल चुकी हैं और तीसरी की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। कुछ दिनों में वो भी मिल जाएगी। तीन मंजिला बिल्डिंग में 75 का रेगुलर स्टाफ होगा। इस बिल्डिंग के शुरू होने से अंबाला ही नहीं पूरे प्रदेश के कैंसर के मरीजों को राहत मिलेगी। उन्हें उपचार के लिए रोहतक व चंडीगढ़ पीजीआई के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
सेंटर के लिए सृजित पद
सीनियर मेडिकल अधिकारी 2
सुपर स्पेशलिस्ट 6
रेडियेशन सेफ्टी अधिकारी 3
टेक्नीशियन 9
डॉक्टर 12
स्टाफ नर्स 17
फार्मासिस्ट 3
लैब टेक्नीशियन 4
रेडियोग्राफर 2
असिस्टेंट 5
क्लर्क 3
नर्सिंग सिस्टर 2
आउट सोर्सिंग स्टाफ स्वीपर 20
आउटसोर्सिंग चतुर्थ श्रेणी 20