संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। पेट्रोल पंप की डीलरशिप दिलाने के नाम पर गुरुग्राम के एक व्यक्ति ने कैथल के एक व्यापारी से 60 लाख रुपये नकद ठग लिए। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने न सिर्फ फर्जी चेक थमा दिए, बल्कि अपना रसूख दिखाकर झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस अधीक्षक के आदेश और सीआईए-1 की जांच के बाद थाना बलदेव नगर में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
कैथल के ढांड रोड (आदर्श नगर) निवासी अनुराग गर्ग ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि मई 2025 में उनकी मुलाकात गुरुग्राम निवासी उमंग चौधरी से हुई थी। आरोपी ने खुद को गुरुग्राम स्थित मैसर्स ऋतु फ्यूल जंक्शन नामक पेट्रोल पंप का स्वामी/प्रोपराइटर बताया और पेट्रोलियम व्यापार में गहरी पकड़ का दावा कर उनका विश्वास जीत लिया। आरोप है कि उमंग चौधरी ने पेट्रोल पंप की डीलरशिप उनके पक्ष में आवंटित कराने का झांसा दिया और इसके एवज में 60 लाख रुपये अग्रिम मांगे। उन्होंने 60 लाख रुपये नकद मई 2025 में सिटी के जग्गी सिटी सेंटर के पास आरोपी को सौंप दिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार, लंबी टालमटोल के बाद जब डीलरशिप का कोई आवंटन नहीं हुआ और पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपी ने मई में 30-30 लाख रुपये के दो चेक थमा दिए। पता चला कि खातों में कोई राशि ही नहीं है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देश और सीआईए-1 की प्रारंभिक जांच के बाद थाना बलदेव नगर में आरोपी उमंग चौधरी के खिलाफ अमानत में खयानत 316(2) और छल/धोखाधड़ी 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी एएसआई कंवलजीत सिंह ने बताया कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड व बैंक खातों की जांच की जा रही है।