अंबाला सिटी। घना कोहरा छाने से हादसे होने का डर सताने लगा है। शाम होते ही कोहरा छा रहा है। ऐसे में सड़कों की साइड में सफाई न होने से बड़ी झाड़ियां उग गई हैं और सफेद पट्टी भी नहीं दिख रही। यह स्थिति एक सड़क की नहीं, बल्कि ज्यादातर सड़कों की है।
इन सड़कों की साइड में मिट्टी की परत भी जमा हो गई है। इस परत को अभी तक साफ नहीं करवाया है। इस वजह से सड़क की चौड़ाई भी कम हो गई है। शहर से ग्रामीण एरिया को जोड़ते अंबाला-लखनौर से होते हुए दुराना रोड, बड़ौला से जनसुई, मटहेड़ी शेखां से नन्योला, कालका चौक से बलाना बायपास तक ऐसी ही स्थिति है।
विभाग अर्थमूविंग मशीन से कराता है सफाई
दरअसल, सड़कों की साइड में झाड़ियां और पेड़ की टहनियां बढ़ने से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। साइड में सफाई न होने से मिट्टी के कारण सफेद पट्टी भी गायब हो गई है। इस वजह से रात के अंधेरे में सड़क नहीं दिखती। सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहन आपस में टकराने का डर बना रहता है। सर्दी का सीजन शुरू होने से पहले सफाई होती थी, मगर अभी तक यह सफाई कार्य शुरू नहीं करवाया गया। पेड़ की टहनियां भी सड़क पर आने से लोगों को चोटिल कर रही हैं।
नई बनाई सड़क पर पट्टी दिख रही
कई ऐसी पुरानी सड़क हैं। इन सड़क पर बीच में तो सफेद पट्टी दिख रही है, जबकि साइड की सफेद पट्टी गायब हो गई है। जलबेड़ा से लेकर सौड़ा तक भी ऐसी स्थिति बनी हुई है। वहीं, वन विभाग की ओर से सड़क पर पेड़ की टहनियों की कटिंग का कार्य नहीं करवाया गया। कई जगहों पर यह टहनियां बढ़कर सड़क तक आ गई हैं। दो पहिया वाहन चालकों के मुंह पर भी यह टहनियां लगती हैं। वहीं, सड़क पर जेब्रा कॉसिंग भी नहीं दिख रही। हाईवे पर तो इन क्रॉसिंग को दोबारा बनाया गया है, जबकि पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने अपने रोड पर अभी तक कार्य शुरू नहीं किया है।
सफेद पट्टी बनाने के लिए बनाई जाएंगी टीम : एसडीओ
पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग के एसडीओ दलबीर सिंह ने बताया कि सड़कों पर सफेद पट्टी बनवाने के लिए जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए जेई की टीम बनाई जाएगी। यह टीम सफेद पट्टी बनवाने के लिए कार्य करेगी। इस कार्य के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में यह कार्य शुरू करवाया जाएगा।
पेड़ की टहनियों की करवाई जाएगी कटिंग
जिला वन अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि सड़क की साइड में सफाई का कार्य पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग का है। उनका कार्य सड़क पर लगे पेड़ की टहनियों की कटिंग करवाना है। अगर सड़क पर पेड़ की टहनियां बढ़ रही हैं तो इनकी कटिंग कराई जाएगी।