बराड़ा। तीन दिवसीय दशहरा महोत्सव मंगलवार को रावण का पुतला दहन के साथ संपन्न हुआ। दशहरा ग्राउंड में मुख्य अतिथि समाजसेवी अरुण गोयल ने रिमोट कंट्रोल का बटन दबाकर 100 फीट ऊंचे रावण के विशाल पुतले का दहन किया। बटन दबते ही पुतला धू-धू कर जल उठा और पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिला।
महोत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पंजाबी संगीत का जादू छाया रहा। 18 अक्टूबर को पहले दिन प्रसिद्ध पंजाबी गायक दिलप्रीत ढिल्लों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद 19 अक्टूबर को दूसरे दिन गायक जर्मन मान के लोकप्रिय गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए।
अंतिम दिन मुख्य आकर्षण रावण दहन रहा, जिसके जरिए बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विक्रम राणा, अमरपाल राणा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष रिचा पाहवा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उधर, नजदीकी गांव अधोया में भी मंगलवार शाम को डेढ़ लाख रुपये की लागत से तैयार 90 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया, जहां मुख्य अतिथि के रूप में एमसी बलजिंदर सिंह जग्गी ने शिरकत की।