अंबाला। कालका–शिमला रेलवे विश्व धरोहर रेल खंड पर स्थित पुल संख्या 800 को दुरुस्त कर लिया गया है। इस पुल पर मंगलवार को लोकोमोटिव चलाकर परीक्षण किया गया।
ये जानकारी अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि यह पुल 14 अगस्त 2023 को हुई बादल फटने और भीषण बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो गया था। शिमला टीम और ब्रिज लाइन यूनिट के दिन-रात प्रयासों से पुल का पुनर्निर्माण किया गया। निर्माण कार्य निर्धारित पांच दिवसीय ब्लॉक के भीतर पूरा किया गया।
दो रेल फाटक बंद : लेवल क्रॉसिंग दुर्घटनाओं को रोकने और यात्री सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से अंबाला मंडल के अधीन दो इंटरलॉक्ड ट्रैफिक लेवल क्रॉसिंग गेट, एलसी संख्या 146 (सरहिंद यार्ड) और एलसी संख्या 77 (एसएफएमयू यार्ड) को स्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। अब इनकी जगह रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) अथवा लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) से आवागमन होगा।
इन दोनों सुविधाओं के मिलने से इस व्यस्त क्रॉसिंग पर दुर्घटना की आशंका समाप्त हो गई है। इससे ट्रेनों का संचालन ओर अधिक सुचारू और सुरक्षित ढंग से हो पाएगा। इस बदलाव के अनुरूप सिग्नल प्रणाली में भी आवश्यक सुधार किए गए हैं ताकि संचालन बिना लेवल क्रॉसिंग निर्भरता के संभव हो सके। इसके अलावा सरहिंद और गोविंदगढ़ के बीच ट्रैक की निगरानी और नियंत्रण को और मजबूत करने के लिए उन्नत ट्रैक डिटेक्शन सिस्टम भी स्थापित किया गया है जो दुर्घटनाओं को रोकने में काफी कारगर साबित होगा। संवाद