भाजपा के पूर्व युवा पार्षद को उनकी पार्टी के ही कुछ सदस्यों ने जमकर धुन दिया। बताया जाता है कि आपसी रंजिश के कारण इस पूर्व युवा पार्षद की धुनाई की है। कैंट के बाजारों में इस घटना की जबरदस्त चर्चा है। मामला किसी लेनदेन का बताया जा रहा है।
हुआ यूं कि पूर्व युवा पार्षद पिछले काफी समय से भाजपा के साथ जुड़ा है और पार्टी की गतिविधियों में भाग लेता है। सूत्रों के अनुसार यह पूर्व पार्षद अपने ही पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं के साथ एक सरकारी बिल्डिंग में बैठा था। इसी दौरान किसी बात पर इस युवा पार्षद की कुछ अन्य से बहसबाजी भी हो गई। हालांकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने इस मामले को निपटाने की कोशिश की, लेकिन मामला काफी बढ़ गया।
बताया जाता है कि बहसबाजी के दौरान ही कुछ भाजपाइयों ने इस युवा पार्षद की जमकर धुनाई करनी शुरू कर दी। इससे पहले की युवा पार्षद कुछ समझ पाते, कई लोगों ने उनकी पिटाई कर डाली। कुछ देर तक मामला बिगड़ा रहा, लेकिन बाद में युवा पार्षद इस बिल्डिंग से चले गए। उल्लेखनीय है कि कुछ माह पहले भी भाजपा से जुड़े रहे एक अन्य पूर्व पार्षद की भी भाजपाइयों ने धुनाई की थी।
उधर, कैंट के राजनीतिक दलों में यह घटना चर्चा का विषय बन गई। बताया जाता है कि पूर्व पार्षद के कुछ साथियों ने इस मामले में पुलिस को शिकायत देने को कहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पुलिस में शिकायत नहीं दी गई थी।