करनाल। नगर निगम के पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं वार्ड-19 के मौजूदा भाजपा पार्षद राजेश अग्घी के घर पर वीरवार की देर रात कई लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके घर पर पथराव किया, डंडों व तलवारों से प्रहार कर उनकी कार के शीशे चकनाचूर कर दिए। कार में बैठे उनके भतीजे के साथ भी मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि इस बीच पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपी भतीजे को छोड़कर भाग निकले।
घटना के पीछे चुनावी मनमुटाव हो सकता है। पुलिस ने मौके पर जांच की और दो संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। देर रात इस मामले की जानकारी यहां रात्रि विश्राम कर रहे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को भी दी गई है। अग्घी परिवार ने दो लोगों को पहचानने का दावा किया है, बताते हैं कि इनमें एक व्यक्ति ने राजेश अग्घी के वार्ड से ही चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी की थी, लेकिन टिकट नहीं मिलने के कारण चुनाव नहीं लड़ पाया। राजेश अग्घी ने बताया कि अब तो चुनाव हो चुका है, पता नहीं क्या रंजिश है, ये जांच में ही पता चलेगा।
शहर की लाइनपार कॉलोनी रामनगर निवासी नगर निगम के सातवीं बार पार्षद चुने गए राजेश अग्घी के माता-पिता अग्घी पार्क के निकट स्थित मकान में मौजूद थे। उनका भतीजा बाहर खड़ी कार में बैठा था। रात करीब 10 बजे गाड़ियों से पहले कई लोगों ने अचानक हमला कर दिया। राजेश अग्घी ने बताया कि हमलावरों की संख्या 30 से 40 हो सकती है। सभी डंडे, तलवारों से लैस थे। उन्होंने घर पर पथराव किया। कार में बैठे भतीजे को बाहर निकालकर पीटने लगे, पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो हमलाकर भाग निकले। दो लोगों को पकड़कर सीआईए-2 को पूछताछ के लिए सौंप दिया गया है।
राजेश अग्घी ने कुछ लोगों के साथ सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में ठहरे केंद्रीय मंत्री एवं सांसद मनोहर लाल को भी घटना की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।