डिलीवरी लेने के बाद तीन युवकों ने पिज्जा ब्वॉय से पिस्टल की नोक पर मोबाइल व नकदी छीन ली। इसके बाद युवक मौके से फरार हो गए। साहा पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायत में अंबाला छावनी के महेश नगर ब्बयाल निवासी अर्जुन ने बताया कि वह प्राईवेट कंपनी अंबाला कैंट मे राइडर पर पिज्जा सप्लाई करने का काम करता है। 24 दिसंबर को उसकी कंपनी से उसे मोबाइल फोन पर ऑर्डर मिला था। इसके बाद वह अपनी मोटरसाइकिल पर ऑर्डर देने के लिए गांव खारु खेड़ा के रोड पर आया था। जहां पर उससे ऑर्डर लेने वाले तीन युवक पिस्टल की नोक पर उसका मोबाइल फोन व पांच हजार छह सौ रुपये छीनकर अपनी मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार इसी तरह की वारदात दो दिन पहले उसकी कंपनी के साथी गुरदास राय निवासी गांव नन्हेड़ा के साथ अरमान पैलेस के पास हुई थी। तब भी पिस्टल दिखाकर तीन लड़के मोटरसाइकिल पर एक मोबाइल फोन व पांच सौ रुपये छीन कर फरार हो गए थे। इस शिकायत के बाद साहा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओें के तहत मामला दर्ज किया।