सैन्य क्षेत्र स्थित आईजी कार्यालय के पास बाइक सवार युवक की ट्री गार्ड से टक्कर हो गई। हादसे में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 1 बजे डिफेंस एन्कलेव निवासी नितीश शहर स्थित जग्गी सिटी सेंटर से काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। आईजी कार्यालय के पास उसकी बाइक ट्री गार्ड से टकरा गई। हादसे में घायल हुआ युवक पूरी रात सुनसान सड़क पर पड़ा रहा। इस दौरान वीरवार की सुबह पंजोखरा साहिब गुरुद्वारे जा रही संगत की नजर युवक पर पड़ी। संगत ने बेसुध पड़े युवक को छावनी के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रेजिमेंट चौकी के जांच अधिकारी एएसआई विजय ने बताया कि युवक पेड़ से टकराने के बाद सड़क पर गिर गया।