फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bharat Jodo Yatra: राहुल संग राज बब्बर ने किया कदमताल, पंजाब से पहले अचानक बदला प्लान

Tue, 10 Jan 2023 08:55 PM IST
भूपेंद्र सिंह अमर उजाला ब्यूरो, अंबाला (हरियाणा)

सार

अंबाला में करीब चार घंटे के भारत जोड़ो यात्रा दौरान 20 किलोमीटर तक चली। राहुल गांधी अमृतसर में स्वर्ण मंदिर दर्शन के लिए रवाना हुए। इसके बाद आगे की यात्रा का आगाज करेंगे। कड़ाके की ठंड के बीच यात्रियों का उत्साह कम नहीं हुआ है। यात्रा में सैलजा और दीपेंद्र साथ रहे।
विज्ञापन
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए फिल्म अभिनेता राज बब्बर, राहुल गांधी से बात करते हुए - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच मंगलवार की सुबह छह बजकर 21 मिनट पर भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा के अंबाला में मोहड़ा अनाज मंडी से शुरू हुई। इस दौरान राहुल गांधी के साथ प्रमुख रूप से दीपेंद्र हुड्डा और कुमारी सैलजा थे। जैसे-जैसे अंबाला में यात्रा आगे बढ़ी लोगों का जोश बढ़ता गया।

विज्ञापन


जगह-जगह राहुल गांधी का स्वागत किया गया। इस बीच यात्रा में जंडली पुल के समीप फिल्म अभिनेता राज बब्बर भी शामिल हुए। करीब चार घंटे में यात्रा ने 20 किलोमीटर का सफर तय किया। तभी अचानक यात्रा का कार्यक्रम बदला और राहुल गांधी अमृतसर के लिए रवाना हो गए। बताया गया कि पंजाब में यात्रा शुरू करने से पहले वो स्वर्ण मंदिर में माथा मत्था टेकने गए हैं। 

अंबाला के मोहड़ा अनाज मंडी में सोमवार को रात्रि विश्राम के बाद भारत जोड़ो यात्रा के यात्री मंगलवार की सुबह चार बजे ही उठ गए। नित्य क्रिया से निवृत्त होने के बाद यात्री सुबह साढ़े पांच बजे तक यात्रा मार्ग में अपने-अपने निश्चित स्थान के अनुसार खड़े हो गए।
विज्ञापन


इसके बाद करीब छह बजे ध्वजा रोहण के बाद राहुल गांधी यात्रियों के बीच अपनी गाड़ी से पहुंचते हैं और फिर भारत जोड़ो यात्रा के 116वें दिन की शुरुआत होती है। घोष की थाप पर कदमताल करते हुए यात्रियों का काफिला कोहरे की चादर को चीरते हुए आगे बढ़ता जाता है।

यात्रा मोहड़ा अनाज मंडी से अंबाला कैंट की तरफ बढ़ने लगती है। उत्साह ऐसा कि किसी भी यात्री के चेहरे पर ठंड का एहसास नहीं दिखा। इसके बाद जैसे ही काफिला आगे बढ़ता है तो रास्ते में बॉलीवुड अभिनेता और कांग्रेस नेता राज बब्बर भी राहुल गांधी के साथ आ जाते हैं। यहां राहुल राज बब्बर से कुछ देर चलते चलते बात करते नजर आते हैं। 

दिल्ली से यात्रा में शामिल होने आए थे राज बब्बर
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए अभिनेता राजबब्बर दिल्ली से पहुंचे थे। वे मोहड़ा में भारत जोड़ो यात्रा के साथ शामिल हुए। इसी दौरान पूर्व वित्त मंत्री प्रो. संपत सिंह भी यात्रा में शामिल हुए। दोनों ने पहले तो यात्रा के साथ कदमताल किया। इसके बाद राहुल गांधी से मिलने के लिए उनके सुरक्षा घेरे में पहुंच गए। जहां पर राहुल गांधी ने अभिनेता राज बब्बर से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना। राहुल गांधी के दूसरी तरफ चल रहे प्रो. संपत सिंह ने भी उन्हें अपना परिचय दिया। ऐसे में दोनों नेताओं के हाथों में हाथ लेकर राहुल कुछ दूरी तक चले भी, इसके बाद जंडली पुल से अभिनेता राजबब्बर चले गए। वहीं प्रो संपत सिंह यात्रा के साथ आगे बढ़ते रहे।

सात जिले, 255 किलोमीटर के सफर के बाद पंजाब में दाखिल हुई यात्रा
हरियाणा में सात जिले और 255 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में दाखिल हुई। पहले चरण में नूंह, फरीदाबाद, गुरुग्राम तो दूसरे चरण में पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला तक का यात्रियों ने सफर तय किया। भारत जोड़ो यात्रा ने हरियाणा में कुल आठ दिन का समय बिताया। 

कंपकंपाती सर्दी में बच्चों ने किया स्वागत, सैनिक के वेश में देख राहुल ने किया सैल्यूट
सुबह भारत जोड़ो यात्रा अंबाला छावनी स्थित रेलवे स्टेशन के सामने से गुजरती है। यहां पर कार्यकर्ता गर्मजोशी के साथ राहुल गांधी का स्वागत करते हैं। इस दौरान राहुल गांधी भी हाथ हिलाकर, नमस्ते कर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हैं। इसके बाद जंडली पुल होते हुए यात्रा जब शहर की सीमा में पहुंचती है तो यहां पर छोटे-छोटे बच्चे पारंपरिक वेश में राहुल का स्वागत करते हैं। इतनी सर्दी में यह बच्चे सुबह एक घंटे से भी अधिक समय तक राहुल गांधी का इंतजार करते नजर आए। इसके बाद शहर में जगह-जगह पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा फूल, कागज उड़ाकर स्वागत किया जाता है। इस दौरान एक स्थान पर बच्चे सैनिक की ड्रेस पहने हुए थे जिन्हें देखकर राहुल गांधी ने सैल्यूट किया और आगे बढ़ गए। 

यात्रा में शामिल लोग - फोटो : अमर उजाला
क्रेन पर होर्डिंग से खींचा ध्यान, युवती लेकर आई गुलाब
जंडली पुल के पास जैसे ही भारत जोड़ो यात्रा पहुंचती है तो यहां एक क्रेन कि सहारे होर्डिंग बीच सड़क पर लटका दिखाई देता है, ऐसा कर राहुल के समर्थक उनका ध्यान अपनी ओर आकर्षित करते हैं। इसके साथ ही यात्रा मार्ग होर्डिंग और बैनरों से पटा दिखाई देता है। इस बीच एक युवती गुलाब लेकर राहुल से मिलने पहुंची थी। काफी मशक्कत के बाद वह राहुल गांधी तक पहुंची और फिर गुलाब भेंट किया। राहुल गांधी ने भी गुलाब स्वीकार कर उसका शुक्रिया अदा किया। 

भारत जोड़ो यात्रा - फोटो : संवाद
अचानक से रिटायर्ड बैंक मैनेजर को राहुल ने बुलाया
प्रेमनगर चौक पर जब यात्रा पहुंचती है तब राहुल गांधी अचानक से डिवाइडर पर खड़े एक शख्स को बुलाते हैं। उनसे नाम और काम पूछने पर उन्होंने बताया कि वे सुरेंद्र कुमार हैं और सेक्टर-9 में रहते हैं। वह पूर्व में यूको बैंक में सीनियर मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। इस पर राहुल गांधी कहते हैं बहुत अच्छा और सुरेंद्र कुमार को एक कूपन देते हैं जिस पर क्यूआर कोड है जिसे स्कैन कर भारत जोड़ो यात्रा के फोटो देखे जा सकते हैं। इस तरह से राहुल गांधी पब्लिक कनेक्ट बनाते नजर आते हैं।  
विज्ञापन

स्वर्ण मंदिर पहुंचे राहुल गांधी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
उधर, भारत जोड़ो यात्रा के तहत मंगलवार को राहुल गांधी सहित सभी यात्रियों को शंभू बार्डर के रास्ते अंबाला से पंजाब जाना था, मगर अचानक से यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव किया गया। इसके बाद राहुल गांधी मिशन अस्पताल के पास से गाड़ी में बैठकर चंडीगढ़ की तरफ निकल गए। यहां यात्रा को समाप्त कर दिया गया और राहुल गांधी अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के दर्शन करने निकल गए। अब आगामी यात्रा और अन्य कार्यक्रमों को बुधवार सुबह किया जाएगा। राहुल पहले फतेहगढ़ साहिब में माथा टेकेंगे इसके बाद सरहिंद में ध्वज आगे दिया जाएगा।  

यह रही अंबाला में भारत जोड़ो यात्रा की टाइमलाइन
  • सुबह 6 बजे- मोहड़ा अनाज मंडी में ध्वजारोहण
  • 6 बजकर 21 मिनट- यात्रा मोहड़ा अनाज मंडी के सामने से शुरू होती है राहुल गांधी, कुमारी सैलजा, दीपेंद्र हुड्डा यात्रा में शामिल होते हैं
  • 7 बजकर 18 मिनट- भारत जोड़ो यात्रा अंबाला कैंट के रेलवे स्टेशन के सामने गुजरती है, यहां यात्रा का स्वागत होता है
  • 7 बजकर 40 मिनट- अंबाला शहर में भारत जोड़ो यात्रा का पहला दल दाखिल होता है
  • 8 बजे- राहुल गांधी जंडली पुल होते हुए अंबाला शहर में पहुंचते हैं यहां बच्चे स्वागत करते हैं
  • 8 बजकर 15 मिनट- राहुल गांधी कांग्रेसी कार्यकर्ता के यहां चाय नाश्ते के लिए रुकते हैं 
  • 9 बजे- यात्रा फिर से अंबाला शहर में प्रेमनगर चौक की तरफ बढ़ती है
  • 9 बजकर 20 मिनट- यात्रा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ चौक पर पहुंचती है
  • 9 बजकर 30 मिनट- राहुल गांधी यात्रा से निकलकर अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हो जाते हैं अन्य यात्री चलते रहते हैं।
  • 10 बजे- कालका चौक से होते हुए यात्रा सैनी भवन पहुंचकर समाप्त हो जाती है
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें