कांचीपुरम, कन्याकुमारी, रामेश्वरम और मदुरै की सैर करवाएगी भारत दर्शन ट्रेन
- आईआरसीटीसी ने शुरू की रिजर्वेशन, पहले ही दिन 30 ने सीटें की आरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। आईआरसीटीसी द्वारा घोषित भारत दर्शन पर्यटन ट्रेन की अंबाला से रिजर्वेशन शुरू हो गई है। ट्रेन की 30 सीटें बुक हो चुकी हैं। ट्रेन का संचालन 14 फरवरी को पठानकोट से किया जाएगा। यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सफर के दौरान खान-पान, रात्रि ठहराव और सुरक्षा का पूरा प्रबंध आईआरसीटीसी द्वारा किया जाएगा।
आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक एमपीएस राघव ने बताया कि भारत दर्शन ट्रेन 14 फरवरी को पठानकोट से चलेगी और कांचीपुरम, कन्याकुमारी, रामेश्वरम और मदुरै के एतिहासिक तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाएगी। ट्रेन में बटाला, अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, दिल्ली कैंट, रेवाड़ी, अलवर और जयपुर से यात्री सवार हो सकेंगे। यह टूर 11 दिनों का होगा। 24 फरवरी को यह ट्रेन वापस पठानकोट लौटेगी। टिकट की बुकिंग आईआरसीटीसी टूरिज्म वेबसाइट पर शुरू हो गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि यात्रा के दौरान कोरोना के बचने के मानकों का पालन किया जाएगा। यात्रा के दौरान यात्रियों को मास्क और अरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना अनिवार्य होगा।
प्रत्येक यात्री को देने होंगे 10,395 रुपये
एमपीएस राघव ने बताया कि इस सुविधा के लाभ के लिए यात्रियों को 10,395 रुपये प्रति व्यक्ति किराया देना होगा। पैकेज में टिकट के अलावा रात ठहरने के लिए नॉन एसी कमरा, सड़क परिवहन, शाकाहारी भोजन, पर्यटन स्थलों का भ्रमण, यात्रा अनुरक्षक और निजी सुरक्षा व्यवस्था के शुल्क को भी शामिल किया गया है।
630 सीटें हैं ट्रेन में
भारत दर्शन ट्रेन में 630 सीटें हैं। आईआरसीटीसी अधिकारी शुभम ने बताया कि ट्रेन में 30 सीटों की रिजर्वेशन हो चुकी है। अब अंबाला से भी बुकिंग शुरू हो गई है। उम्मीद है कि जल्द ही सभी सीट फुल हो जाएंगी। ट्रेन का सफर यात्रियों के लिए एक यादगार बनकर रह जाएगा।