खेलो इंडिया को लेकर अंबाला छावनी वार हिरोज स्टेडियम में निरीक्षण करते अधिकारीगण
- फोटो : Ambala
अंबाला। चार से 13 जून तक होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स को लेकर मंगलवार साईं की पटियाला टीम ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। दोपहर करीब 12 बजे टीम छावनी के वार हीरोज स्टेडियम में पहुंची और जिम्नास्टिक तथा स्वीमिंग पूल का जायजा लिया। इस दौरान टीम सदस्यों ने खिलाड़ियों के ठहरने से लेकर उनके खानपान की व्यवस्था संबंधी जानकारी ली। साथ ही अधूरी तैयारियों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
टीम ने स्वीमिंग पूल के ऊपर खिलाड़ियों के लिए बने कमरों का जायजा लिया। साथ ही सुभाष पार्क के पास बैडमिंटन हॉल का भी दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान टीम खेलो इंडिया की तैयारियों को लेकर संतुष्ट दिखी। बता दें कि खेलो इंडिया में चंद दिन ही बाकी रह गए हैं। अंबाला में होने वाले जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में लगभग 208 खिलाड़ी तो स्वीमिंग में करीब 544 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। जिम्नास्टिक की प्रतियोगिताएं 5 से 7 जून तक तो स्वीमिंग की 8 से 12 जून तक आयोजित होंगी।
165 पदक के लिए 752 खिलाड़ी बहाएंगे पसीना
जिम्नास्टिक और स्वीमिंग के लिए करीब 752 खिलाड़ी 165 पदक के लिए पसीना बहाएंगे। इनमें से स्वीमिंग में 114 पदक तो जिम्नास्टिक के लिए 51 पदक के लिए खिलाड़ी मेहनत करेंगे। बता दें कि हरियाणा में पहली बार खेलो इंडिया गेम्स का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर से करीब 8500 खिलाड़ी 25 खेलों के लिए पसीना बहाएंगे। अंबाला में केवल दो गेम्स होना तय हुआ है।
अस्थायी रूप से तैयार हुआ जिम्नास्टिक का वॉर्मअप हॉल
पिछले एक साल से वार हीरोज स्टेडियम में जिम्नास्टिक के वेन्यू के ठीक साथ खिलाड़ियों के वॉर्मअप हॉल तैयार करने की प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन वह सिरे नहीं चढ़ पाई। अब खेलो इंडिया से ठीक पहले स्टेडियम में अस्थायी रूप से स्वीमिंग पूल के ठीक सामने खाली जगह पर इसे तैयार किया गया है, ताकि प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ी तैयारी कर सकें। बता दें कि खेल मंत्री के साथ-साथ साईं की टीम ने भी इस वॉर्मअप हॉल के लिए दिशा-निर्देश दिए थे।