अंबाला। सालों से खस्ता हाल भवनों में चल रही दो पुलिस चौकियों की सूरत बदल गई है। यह पुलिस चौकी अंबाला कैंट थाने के अधीन आने वाली हाउसिंग बोर्ड और रजिमेंट चौकी है। करीब ढाई करोड़ से लागत से इन दोनों चौकी की नई और मॉडर्न बिल्डिंग तैयार की गई है।
अभी नई बिल्डिंग का उद्घाटन होना है लेकिन पुलिस विभाग की तरफ जगह की कमी से मुलाजिमों की परेशानी को देखते हुए इनमें शिफ्टिंग कर दी गई है। जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा। रजिमेंट बाजार चौकी तो अपनी पुरानी जगह पर ही करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुई है। निर्माण कार्य होने तक यह बीसी बाजार के ही सामुदायिक भवन में चल रही थी जो नई बिल्डिंग में शिफ्ट हो गई है। जबकि हाउसिंग बोर्ड चौकी सालों से खस्ता हाल व किराये की बिल्डिंंग में चल रही थी जो हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में ही थी। अब यह चौकी नेता जी सुभाष पार्क के पास ही नई बिल्डिंग में शिफ्ट हो गई है। इससे सुभाष पार्क का भी सुरक्षा दायरा ओर मजबूत होगा।
करोड़ों रुपये की लागत से बनी नई बिल्डिंग में फर्नीचर भी नया ही लगाया हुआ है। इसमें मुलाजिमों के खाने के लिए मैस के साथ-साथ एक साथ बैठने के लिए डाइनिंग टेबल तक है। रसोई में आरओ की भी व्यवस्था है। चौकी में झगड़े आदि शिकायतों को लेकर आने वाले लोगों के बैठने के लिए गैलरी की व्यवस्था है।
कूड़े के ढेर की जगह बनी चौकी
हाउसिंग बोर्ड चौकी जिस नई जगह पर शिफ्ट हुई है वहां पर पहले कूड़े का डंपिंग प्वाइंट था। आसपास के क्षेत्र की गंदगी को यहीं डाला जाता था और बाद में विभाग उठाता था। ऐसे में सुभाष पार्क की सुंदरता को भी ग्रहण लगा रहता था। जबकि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराये की बिल्डिंग में चल रही चौकी की हालत बेहद खस्ता थी। पुलिस द्वारा पकड़े गए वाहनों को मजबूरन सड़कों किनारे ही खड़ा करना पड़ता था। कई बार चौकी के कमरे में लेंटर तक गिर चुके थे। यह स्थिति अब बिल्कुल विपरीत है।
वर्जन
हाउसिंग बोर्ड और रजिमेंट बाजार चौकी का उद्घाटन जल्द ही किया जाएगा। फिलहाल पुरानी बिल्डिंग से स्टाफ को नई बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया गया है।
रजत गुलिया, डीएसपी, अंबाला कैंट।