विज की विधानसभा में नए सिरे से सफाई का नया प्लान बन रहा है। इस प्लान में डोर-टू डोर कूड़ा कलेक्शन के साथ कूड़े की लिफ्टिंग और रात में मुख्य बाजारों की सफाई भी शामिल की जाएगी। नगर परिषद की सफाई शाखा इस प्लान को तैयार कर रही है। खासकर हर घर से कूड़ा उठाने की योजना पर गंभीरता से काम हो रहा है। सफाई का पूरा काम टेंडर के जरिए आउटसोर्सिंग एजेंसी को दिया जाएगा। इसके लिए सफाई शाखा नियम व शर्तें तय कर रही हैं।
पूरे एरिया को जोन में बांटने की योजना
सफाई के नए प्लान में पूरे सदर एरिया को जोन में बांटने की योजना है। इसके पीछे मकसद हर घर से कूड़े का उठान हो। आमतौर पर शहर की आउटर कॉलोनियों को योजना का लाभ नहीं मिल पाता। पर नए प्लान में आउटर कॉलोनियों के लोगों को भी डोर-टू डोर कूड़ा कलेक्शन की सुविधा मिलने की बात कही जा रही है। प्लान में अभी यह तय नहीं है कि पूरे एरिया को कितने जोन में बांटा जाएगा। इसके लिए दूसरे नगर परिषदों व निगमों के प्लान को भी परखा जा रहा है।
रात में भी होगी मुख्य बाजार की सफाई
सफाई के नए प्लान में रात को भी मुख्य बाजारों की सफाई को प्राथमिकता पर रखा गया है। सुबह बाजारों से होकर सैर पर निकलने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके इसलिए रात को बाजार की सफाई की नए सिरे से योजना बन रही है। इससे दुकानदारों के साथ ग्राहकों को भी सुविधा मिल सके। दुकानदार भी स्वच्छ वातावरण में कारोबार शुरू कर पाएगा जबकि ग्राहक को भी इस माहौल में खरीदारी करने में सुविधा होगी। मुख्य बाजारों में रात को सफाई के साथ ही कूड़े की भी लिफ्टिंग की जाएगी ताकि सुबह किसी डस्टबिन में बेसहारा पशु गंदगी निगलते न मिलें।
कूड़े की लिफ्टिंग भी होगी
नए प्लान में कूड़े की लिफ्टिंग भी शामिल की जाएगी। अभी नप कर्मचारी खुद ही ये काम कर रहे हैं। इसके बावजूद कूड़े की लिफ्टिंग को लेकर दिक्कत हो रही है। प्लान के तहत समय पर सभी सार्वजनिक स्थलों से कूड़ा उठाया जाएगा। कूड़े से कोई भी डस्टबिन भरा हुआ नहीं मिलेगा। अभी कई जगह बाजार में डस्टबिन कूड़े से भरे रहते हैं। समय पर खाली न होने से इसमें गंदगी से संक्रमण फैलने का खतरा रहता है।
सफाई के मामले में टॉप पर लाने की कसरत
गृहमंत्री अनिल विज के पास अर्बन लोकल बॉडी डिपार्टमेंट भी है। इस वजह से नप अधिकारी सफाई के नए प्लान पर गंभीरता से काम कर रहे हैं। इसके पीछे मकसद विकास के साथ अधिकारी कैंट को सफाई के मामले में भी टॉप पर लाना चाहते हैं। इसी वजह से प्लान को लेकर विशेषज्ञों की भी राय ली जा रही है। नए प्लान के अगले करीब एक महीने में जमीन पर उतरने की बात कही जा रही है।
सदर जोन की सफाई के लिए हम नया प्लान बना रहे हैं। इस प्लान में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के साथ कूड़े की लिफ्टिंग व रात की सफाई भी शामिल होगी। नए प्लान के जरिए हमारी पूरी कोशिश रहेगी कि विकास के साथ सफाई में भी कैंट टॉप पर आए। कूड़े की लिफ्टिंग के साथ पहले रात की सफाई के लिए टेंडर आ सकता है।
विनोद बैनिवाल, सेनेटरी इंस्पेक्टर, नगर परिषद