अंबाला सिटी। जिला बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर मंगलवार को नामांकन किए गए। पहले दिन दोपहर तक विभिन्न पद पर सात आवेदन आए। बुधवार को नामांकन का आखिरी दिन है। शाम 4.30 बजे तक नामांकन लिए जाएंगे। नामांकन लेने के लिए अधिवक्ता संजीव वशिष्ठ और अधिवक्ता अजय त्रेहान रिटर्निंग अधिकारी लगाए गए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान एसोसिएशन सचिव अधिवक्ता विपिनजीत सिंह भी शामिल रहे। अधिवक्ता विपिनजीत सिंह ने बताया कि बुधवार शाम तक आवेदन लिए जाएंगे। शाम 5 बजे के उपरांत किस पद पर कितने आवेदन आएंगे, यह पता चल सकेगा।
कार्यकारिणी का एक वर्ष का होगा कार्यकाल
जिला बार एसोसिएशन कार्यकारिणी का एक वर्ष का कार्यकाल होगा। कार्यकारिणी में प्रधान, उप प्रधान, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और चार कार्यकारी सदस्य चुने जाएंगे। इन चार कार्यकारिणी सदस्यों में से एक पद महिला आरक्षित रखा गया है। आने वाली 28 फरवरी को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चुनाव होगा। शाम को ही परिणाम घोषित किए जाएंगे। अंबाला बार एसोसिएशन के 1199 सदस्य अधिवक्ता मतदान करेंगे। वहीं, चुनावों में इस बार नए चैंबर्स और पार्किंग सहित कई मुद्दे चर्चा में है। कई वर्षों से चैंबर्स की मांग लंबित है, जबकि अधिवक्ता की संख्या प्रत्येक वर्ष बढ़ रही है।
वहीं, चुनाव को लेकर कोर्ट में माहौल गर्म होने लगा है। नामांकन भरने वाले उम्मीदवार भी चुनाव को लेकर अभी से अधिवक्ता से मिलकर प्रचार करने लगे हैं। जिला बार एसोसिएशन का चुनाव हर वर्ष दिलचस्प होता है।