अंबाला। सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक को लेकर जिला प्रशासन पहले ही दिन सख्ती में दिखा। नगर परिषद द्वारा गठित टीम ने छावनी के अलग-अलग बाजारों में दबिश दी। बाजार के छह मुख्य होलसेलरों सहित करीब 15 दुकानों पर कार्रवाई करते हुए चालान किए। साथ ही दोबारा सामान मिलने पर उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की चेतावनी दी। कार्रवाई के दौरान 40 हजार रुपये की जुर्माना राशि भी जब्त की।
उधर, बाजारों में टीम के कार्रवाई करने पर उतरते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सभी अपनी-अपनी दुकानों में से प्लास्टिक से जुड़ा रखा सामान समेटते नजर आए। टीम ने छावनी की सब्जी मंडी, सर्राफा बाजार, गुड बाजार, राय मार्केट, हनुमान मार्केट सहित विभिन्न बाजारों में कार्रवाई अमल में लाई। इस दौरान होमगार्ड के जवान साथ रहे।
नगर परिषद राजेश ने बताया कि पीवीसी बैनर को लेकर भी पहले दिन चेतावनी दी गई। शनिवार को पीवीसी बैनर को लेकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जुर्माना के साथ-साथ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना था कि इसके लिए टीम गठित कर दी गई हैं। बाजारों में जहां भी पीवीसी के बैनर दिखे तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्लास्टिक बंद होने के बाद जूट के लिफाफे का पैकेट दो रुपये किलो में खरीदना पड़ रहा है। पहले सौ रुपये में तीन पैकेट आते थे। ऐसे में महंगाई की मार पड़ रही है।
बलकार, रेहड़ी चालक
कटहल को काटकर बेचना पड़ता है। पॉलिथीन में वह ठीक रहता था, वह जूट के थैलों में चिपक जाता है। काम करना भी मुश्किल हो गया। ग्राहक कटहल नहीं खरीदता है।
जगदीश, रेहड़ी चालक
सिंगल यूज प्लास्टिक के गिलास, प्लेट व चम्मच आदि सामान सालों से बेचते आ रहे हैं। चेतावनी के बाद स्टॉक कम बचा है। नुकसान तो है, पर सरकार के आदेशों का पालन जरूरी है।
दिनेश जैन, दुकानदार
सबसे पहले दूध, नमकीन व ब्रेड के पैकेट पॉलिथीन में आते हैं, उन पर शिकंजा कसना चाहिए। इस कार्रवाई से लोगों को मैसेज मिल जाता है और वो जागरूक होते हैं।
नमन जैन, दुकानदार होलसेलर