अंबाला। दानीपुर गांव में 9 फरवरी को दसुटन कार्यक्रम के दौरान गोली लगने पर हुई अनमोल की मौत मामले में पुलिस ने पंजाब के रत्ताखेड़ा निवासी बलदेव सिंह को काबू किया। बताया जाता है कि बलदेव सिंह की ही लाइसेंसी रिवाल्वर से राजीव ने गोली चलाई थी जो अनमोल के माथे पर लगने के कारण मौत हुई थी।
नग्गल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कर्मबीर ने बताया कि आरोपी को रविवार कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया जाएगा। दरअसल, मृतक 26 वर्षीय अनमोल दानीपुर गांव में अपने रिश्तेदार की ओर से आयोजित दसुटन कार्यक्रम में गया था। इस बीच डीजे के पास अचानक माथे पर गोली लगने पर अनमोल की मौत हो गई थी। हालांकि पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी राजीव को काबू कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने हर्ष फायरिंग के दौरान की गोली लगने की बात कहीं थी।