अंबाला। श्रीशक्ति एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का अज्ञात ने बैग छीन लिया। पीछा करने पर आरोपी चलती ट्रेन से नीचे कूद गया। घटना छावनी रेलवे स्टेशन के नजदीक हुई। पीड़ित लुधियाना निवासी लोकेश शर्मा की शिकायत पर जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोकेश ने बताया कि शनिवार रात वह ट्रेन नंबर 02461 श्री शक्ति एक्सप्रेस में दिल्ली से लुधियाना तक सफर कर रहे थे। इस दौरान उनका एक सहकर्मी भी साथ था। वह कोच बी-4 की सीट नंबर 48,53 व 54 पर सफर कर रहे थे। ट्रेन लगभग 9.45 बजे छावनी रेलवे स्टेशन पर पहुंची इस दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसका बैग लेकर भागने लगा। शोर मचाने पर जब उसका पीछा किया तो वह ट्रेन से छलांग लगाकर भाग गया। अंधेरा होने की वजह से उसकी पहचान नहीं हो सकी। लोकेश ने बताया कि बैग में कंपनी का आईपेड व अन्य जरूरी दस्तावेज थे।