अंबाला सिटी। क्षेत्र की ज्यादातर कॉलोनियों के पार्कों का रखरखाव स्थानीय वेलफेयर एसोसिएशन के माध्यम से किया जा रहा है, लेकिन सिटी के वार्ड नंबर-12 अंतर्गत आने वाली शास्त्री कॉलोनी व कंचघर के क्षेत्र में बने करीब चार पार्कों का रखरखाव रामभरोसे चल रहा है।
स्थानीय लोगों की मानें तो उनके क्षेत्रों में बनाए गए पार्कों के लिए निगम प्रशासन ने रखरखाव के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ज्यादातर पार्कों की ग्रीनरी बिल्कुल सूख चुकी है। पार्कों के बीच उगी हुई हरी घास पानी के अभाव में खत्म हो चुकी है। वहीं पार्कों के बीच लगाए गए झूले आदि भी टूटने की कगार पर हैं। इस कारण बच्चे खेलने से वंचित हैं।
इसी प्रकार पार्कों के बीच ओपन जिम लगाए गए थे, उनकी व्यवस्था कुछ खास ठीक नहीं है। पार्कों के बिगड़े हालातों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने ही पार्कों की जिम्मेदारी ली हुई है। आसपास के लोग ही अपने समयानुसार पार्कों की व्यवस्था को देख रहे हैं। लोगों ने निगम प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि पार्कों का रखरखाव मजबूत हाथों में दें।
पार्कों के टूटे झूले
सतीश कुमार जिंदल ने बताया कि कंचघर कॉलोनी के पार्कों में बच्चों के खेलने के लगाए गए सभी झूले काम नहीं कर रहे हैं। कुछ झूले टूटे पड़े हैं। जिनको दुरुस्त करना निगम अधिकारियों ने जरूरी नहीं समझा। छुट्टियों में बच्चों को झूलों की कमी महसूस हो रही है।
सूखने लगे पार्क
आरके गुप्ता का कहना है कि पार्कों में पानी की व्यवस्था न होने के कारण लगाई गई हरी घास सूखने की कगार पर पहुंच रही है। बीते दिनों हुई हल्की बरसात से कुछ लाभ तो मिला है, लेकिन पानी के पुख्ता इंतजाम होना बहुत जरूरी है, ताकि पार्कों सुंदरता बनी रहे।
ओपन जिम खराब
विजय ग्रोवर ने बताया कि लोगों को सुविधाओं का लाभ देने के उद्देश्य से पार्कों में ओपन जिम आदि स्थापित किए गए थे, लेकिन वर्तमान में वह जिम कुछ खास काम नहीं आ रहे हैं। निगम प्रशासन को चाहिए कि पार्कों में लगाए गए ओपन जिम को तुरंत प्रभाव से दुरुस्त करवाएं।
व्यवस्था रामभरोसे
जगमोहन सिंह ने बताया कि शहर के पार्कों के रखरखाव के लिए निगम प्रशासन ने व्यवस्था की हुई है, मगर कंचघर क्षेत्र के चार पार्कों की व्यवस्था रामभरोसे छोड़ दी है। पार्कों की व्यवस्था खराब होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड नंबर- 12 के अंतर्गत वाले पार्कों की देखरेख की जिम्मेदारी किन लोगों के पास है, इसकी जांच करवाई जाएगी। वहीं पार्कों के मामले में सभी स्थानीय पार्षदों को कहा जा चुका है। वह अपने क्षेत्रों में पार्कों के रखरखाव के लिए सोसायटी आदि का गठन करवाकर पार्कों की जिम्मेदारी उन्हें सौंपें, ताकि सोसायटी को निगम की ओर से फंड आदि भी जारी किया जा सके और पार्कों का बेहतर रखरखाव हो सके।
-शक्तिरानी शर्मा, मेयर, नगरनिगम अंबाला।