थाना से ड्यूटी समाप्त कर एक्टिवा से घर जा रही महिला होमगार्ड का रास्ता रोककर बाइक सवार युवक ने मारपीट करते मोबाइल व नकदी छीनने का प्रयास किया। महिला होमगार्ड द्वारा विरोध जताने के बाद युवक बाइक लेकर फरार हो गया। होमगार्ड की शिकायत पर मुलाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना मुलाना पुलिस को दी शिकायत में पूनम रानी ने बताया कि वह गांव काकरकुंडा की निवासी है और वह होम गार्ड के पद पर थाना मुलाना में तैनात है। 11 अप्रैैल को वह वीआईपी ड्यूटी के लिये थाना मुलाना में आई थी और शाम करीब 7.30 पर अपनी ड्युटी समाप्त करके वह स्कूटी से अपने घर गांव काकरकुंडा जा रही थी। जैसे ही वह महुआखेड़ी से काकरकुंडा की तरफ पैलेस के सामने पहुंची तो पीछे से आए बाइक सवार युवक ने उसकी एक्टिवा के आगे अपनी बाइक लगा दी। इसके बाद उसने हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान उस युवक ने उसका मोबाइल व रुपये छीनने कि कोशिश की। होमगार्ड ने अपना बचाव करते हुए युवक की टीशर्ट पकड़ी तो वह युवक अपनी बाइक लेकर वापस महुआखेड़ी की और भाग गया। होमगार्ड ने बताया कि लिंक रोड पर काफी अंधेरा होने के कारण वहां से फरार होने में कामयाब रहा जबकि उन्होंने होमगार्ड का अपनी स्कूटी से उसका पीछा किया, लेकिन वह नजर नहीं आया। होमगार्ड की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर कारवाई शुरू कर दी है।