संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। विजय रतन चौक स्थित होटल पिरामिड के बाहर खड़े बाउंसर पर कहासुनी के बाद गोलियां चलाकर हत्या का प्रयास करने के मामले में मुख्य आरोपी सात साल बाद काबू कर लिया है।
आरोपी पंजाब के जोधपुर गांव निवासी सतिंद्र को सीआईए-2 की टीम दिल्ली एयरपोर्ट से काबू कर अंबाला लेकर आई। वह अमेरिका से भारत लौटा था। वीरवार को कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
दो मामलों में था भगोड़ा घोषित : आरोपी अंबाला के दो मुकदमों में कोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था। इनमें वर्ष 2018 में पिरामिड होटल कर्मचारियों पर गोलियां चलाने और हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी को 1 मार्च 2024 को कोर्ट ने पीओ घोषित किया था।
वर्ष 2018 में ही जेल के अंदर मारपीट के एक मामले में आरोपी को 26 अक्टूबर 2023 को भगोड़ा घोषित किया गया था। आरोपी कनाडा के बाद अमेरिका चला गया था और एक स्टोर में काम कर रहा था।
आरोपी को अमेरिका से लौटते समय दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही पकड़ लिया गया।